चिकित्सकीय सलाह : चर्म रोग की समस्या से जूझ रहें और सुरक्षित रहना चाहते हैं तो यह खबर पढ़ लें
चिकित्सकीय सलाह डिब्बाबंद सामग्रियों के सेवन और तनाव से बचें नहीं होगा चर्म रोग। गर्मी में सूती और ढीले पकड़े पहनें मिलेगा आराम। चर्म रोग हो जाए तो कपड़े को हमेशा गर्म पानी से धोकर और आयरन कर पहनें।

दैनिक जागरण कार्यालय भागलपुर में आयोजित प्रश्न पहर में जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के चर्म एवं गुप्त रोग विभाग के अध्यक्ष डा. राजीव रंजन पाठकों से मुखातिब हुए। उन्होंने फोन के माध्यम से पाठकों की समस्याएं सुनीं और समाधान बताए। उन्होंने कहा कि तनाव से केवल बीपी और मधुमेह ही नहीं बल्कि चर्म रोग भी होता है। व्यक्ति तनाव में रहता है तो उससे त्वचा प्रभावित होती है और कई तरह के चर्म रोग होते हैं। डिब्बा बंद खाद्य सामग्री खाने से भी कई तरह के चर्म रोग होने की संभावना रहती है। बंद पैकेट में कई तरह के रासायनिक तत्व मिलाए जाते हैं, नाइट्रोजन गैस भरा जाता है, ताकि खाद्य सामग्री खराब नहीं हो।
गर्मी के मौसम में टाइट कपड़े पहनने से त्वचा में हवा का प्रवेश नहीं होता है। बैक्टीरिया की वजह से दाद, दिनाय आदि होते हैं। इसलिए सूती और ढीले-ढाले कपड़े पहनने चाहिए। अगर किसी को चर्म रोग हो जाय तो दूसरे के संपर्क में आने से बचना चाहिए। कपड़े को हमेशा गर्म पानी से धोकर उसे आयरन कर पहनें। इससे कीटाणु नष्ट हो जाते हैं।
प्रश्न : रुसी ज्यादा हो गई है। रुसी की मोटी परत जमी हुई है। -- संतोष कुमार, भागलपुर
सोरोसिस होने की वजह से बार-बार रुसी होती है। एंटी डेन्ड्रेफ सैंपू लगाएं। रात में नारियल तेल लगाएं। बाल छोटा रखें और तेल-मसाले का सेवन कम करें।
प्रश्न : मां 43 वर्ष की है। एक माह से बाल टूट रहे हैं। - आदित्य स्वरूप, मिरजानहाट
सामान्य तौर पर सभी के बाल टूटते हैं। लेकिन कुछ समय के बाद अगर बाल का टूटना कम नहीं होता है तो दवा की जरूरत पड़ती है। कंधी करने के दौरान सिर पर दबाव नहीं दें। चिकित्सक की सलाह पर विटामिन की दवा खाएं।
प्रश्न : कई सफेद दाग हैं, क्या ठीक हो सकता है। - रंजन, मिरजानहाट
सफेद दाग वंशानुगत भी हो सकता है। फोटोथेरेपी से सफेद दाग का इलाज किया होता है। खट्टी खाद्य सामग्री नहीं खाएं, इससे दाग और बढ़ते हैं।
प्रश्न : एक माह से फुंसी है, खुजलाहट भी ज्यादा है। रात में परेशानी बढ़ जाती है। - रितु राज, राधोपुर
पूरे शरीर में रात में लोशन चिकित्सक की सलाह पर लगाए। सुबह स्नान करें, लिबोसेट्रीजीन दो सप्ताह तक खाएं। कपड़ा को गर्म पानी में साफ करें। दूसरों के संपर्क में आने से बचें।
प्रश्न : गर्मी के मौसम में तलवा में खुजलाहट होती है। - संजय कुमार सिंह, बरारी
संक्रमण हो सकता है। चार सप्ताह तक एंटी फंगल क्रीम लगाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।