Shravani Mela 2025: हरियाली अमावस्या पर 2 लाख कांवरिया निकले बाबाधाम... बोल बम से गूंज रहा अजगैवीनाथ धाम
Shravani Mela 2025 सावन की हरियाली अमावस्या पर दो लाख कांवरियों ने बाबाधाम की ओर प्रस्थान किया। बिहार झारखंड बंगाल ओडिशा उत्तर प्रदेश और भारत के पड़ोसी देश नेपाल से आए भगवान भोलेनाथ के प्रति अगाध आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं ने पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में हर हर महादेव बम बम भोले के जयकारों के साथ डुबकी लगाई।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। Shravani Mela 2025 विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला कृष्ण पक्ष का समापन हो गया है। भगवान भोलेनाथ का प्रिय मास श्रावण की अमावस्या तिथि पर शुक्रवार को उत्तर वाहिनी गंगा का गंगाजल भरने के लिए अजगैवीनाथ नगरी में कांवरियों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में हर हर महादेव, बम बम भोले के जयकारों के साथ आस्था की डुबकी लगाई।
गंगा स्नान के बाद कांवरियों ने बाबा अजगैवीनाथ के मनोकामना ज्योतिर्लिंग पर जल चढ़ाते हुए सुख-शांति की कामना की। अमावस्या के अवसर पर विभिन्न प्रांतों से आए करीब ढाई लाख कांवरियों ने अपने कांवर में गंगाजल भरकर शिवभक्तों के जयकारे के साथ बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया।
बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बावजूद, गंगानगरी से बाबा नगरी देवघर के लिए प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख कांवरियों का प्रस्थान जारी है। अजगैवीनाथ से देवघर तक का माहौल भक्तिमय हो गया है, जहां घंटियों की रुनझुन और अगरबत्ती की सुगंध से वातावरण महक उठा है।
श्रावणी मेला को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन सक्रियता से जुटा हुआ है। अजगैवीनाथ धाम के विद्वान पंडितों के अनुसार, इस वर्ष सावन में अद्भुत संयोग बन रहा है, जिससे भगवान शिव की पूजा से श्रद्धालुओं के समस्त दोष समाप्त होंगे।
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
अजगैवीनाथ धाम में विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला चल रहा है, जिसमें लाखों कांवरिया गंगाजल भरने के लिए अजगैवीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। शुक्रवार की सुबह नमामि गंगे घाट जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मूसलाधार बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव हो गया था, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने से पानी में करंट आ गया। इस स्थिति में एक कांवरिया इसकी चपेट में आ गया, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
हालात बिगड़ते देख मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने अवागमन को बाधित किया और विद्युत विभाग के कर्मियों को सूचित किया। इस बीच, कांवरिया वैकल्पिक मार्ग से गंगाजल लेकर देवघर की ओर प्रस्थान करने लगे। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मियों ने करीब एक घंटे में बिजली को दुरुस्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। पुलिस की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।