Sawan 2025: सावन 3 दिन शेष, अजगैवीनाथ धाम में कांवरियों का अद्भुत प्रवाह... बाबाधाम में हर तरफ बोलबम के जयकारे
Sawan 2025 सावन में गिनती के दिन शेष हैं। श्रावणी मेले के आखिरी चरण में बुधवार को अजगैवीनाथ धाम में कांवरियों का उत्साह चरम पर दिखा। यहां कांवरियों की भीड़ उफना सी गई है। आज सावन में बाबा के जलाभिषेक का सौभाग्य पाने एक लाख कांवरियों ने बैद्यनाथधाम कूच किया। नमामि गंगे घाट पर बाढ़ का पानी फैलने से भी भक्तों का अद्भुत प्रवाह बना रहा।

संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। Sawan 2025 विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। लेकिन यहां कांवरियों के उत्साह व भीड़ में कोई कमी नहीं देखी जा रही है। भगवान भोले का अतिप्रिय मास श्रावण शुक्ल पक्ष द्वादशी तिथि बुधवार को भी यहां शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा था। बिहार, झारखंड, बंगाल ओडिशा व उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों तथा पड़ोसी देश नेपाल से पहुंचे कांवरियों ने पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा में हर हर महादेव, बम बम भोले के जयकारों के साथ आस्था की डुबकी लगाई।
गंगा स्नान के बाद उन्होंने बाबा अजगैवीनाथ धाम के मनोकामना ज्योतिर्लिंग पर जल चढ़ाते हुए जीवन में सुख शांति की कामना की। शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि के मौके पर विभिन्न प्रांतों से आए करीब एक लाख कांवरिया अपने कांवर में गंगाजल लेकर हर हर महादेव के जयकारे के साथ बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
इन दिनों गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों से कांवरियों के आने का सिलसिला थोड़ा थम सा गया है। लेकिन सूबे के अन्य हिस्सों व देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों के आगमन में कोई कमी नहीं आई है। सावन में बाबा का जलाभिषेक कर पुण्य की प्राप्ति करने का सौभाग्य पाने के लिए वे बेहद उत्साहित दिख रहे हैं। सुप्रसिद्ध श्रावणी मेले में कांवरियों को सुरक्षा व संसाधन उपलब्ध कराने में जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद दिख रहे हैं। पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी भी रात दिन मुस्तैद रहते हैं।
नमामि गंगे घाट पूरी तरह जलमग्न
अजगैवीनाथ धाम में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से नदी तट पर भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नमामि गंगे घाट जाने वाली पीसीसी सड़क सहित नमामि गंगे घाट पूरी तरह से जलमग्न हो चुका है। जिला प्रशासन द्वारा की गई अधिकांश व्यवस्थाएं अस्त व्यस्त हो गई हैं। लेकिन अत्यधिक सुविधाओं के बावजूद देश के विभिन्न प्रांतो से आए कांवरिया नमामि गंगे घाट पर जल भरकर बाबा का जलाभिषेक करने देवघर प्रस्थान कर रहे हैं।
नमामि घाट से हटाया गया स्वास्थ्य शिविर
नमामि गंगे घाट पर बाढ़ का पानी फैल जाने से श्रावणी मेला में देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की चिकित्सा के लिए लगाया गया स्वास्थ्य शिविर भी जलमग्न हो गया है। इससे वहां से उसकी व्यवस्था हटा ली गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।