Bihar News: युवक को दौड़ा-दौड़ाकर मारीं 3 गोलियां... सिर में एक, छाती पर दागी 2 गोली; नाथनगर में हत्या से सनसनी
Bihar News भागलपुर के नाथनगर में एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर तीन गोलियां मारी गईं। हत्या के क्रम में घटनास्थल के आसपास 200 मीटर तक खून के धब्बे फैले मिले। युवक को एक गोली पीछे से सिर में और दो गोली छाती पर मारी गई है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बहबलपुर निवासी संजीव कुमार सिंह के पुत्र शिवम के रूप में हुई।

संवाद सहयोगी, नाथनगर। Bihar News भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर तालाब के समीप बधुवार देर शाम सात बजे एक युवक को दौड़ाकर गोलियों से छलनी कर दिया गया। बदमाश ने एक गोली पीछे से सिर में और दो छाती पर मारी। उसे तत्काल जेएलएनएमसीएच ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के आसपास 200 मीटर तक खून के धब्बे मिले। मौके से एक खोखा भी बरामद किया गया। मृतक की पहचान बहबलपुर निवासी संजीव कुमार सिंह के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। घटना की वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है।
आसपास रहने वालों ने डायल 112 को दी सूचना
तालाब के आसपास रहने वाले लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। डायल 112 ने मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष को वारदात से अवगत कराया। थोड़ी देर बाद थानाध्यक्ष सफदर अली दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और जख्मी को जेएलएनएमसीएच भिजवाया। पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही डीएसपी टू राकेश कुमार भी अस्पताल पहुंचे और थानाध्यक्ष से घटना की जानकारी ली।
मां बोली-चार दिन पहले नासिक से आया, आज मार दी गोली
मां चंदा देवी थाना पहुंची और दहाड़ मारकर रोने लगी। उन्होंने बताया कि बेटा शिवम चार दिन पहले ही नासिक से लौटा है। तीन माह से वह वहीं रहकर काम कर रहा था। शाम में वह घर से निकला था। किसने गोली मारी वह नहीं बता सकतीं।
200 मीटर तक खून के धब्बे फैले
किशनपुर तालाब के समीप लगभग 200 मीटर तक खून के धब्बे फैले हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गोली लगने के बाद बचने के लिए उसने भागने की कोशिश की होगी। लेकिन अपराधी ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी।
प्रथम दृष्टया जमीन विवाद का मामला लग रहा है। किसी पक्ष को मृतक के स्वजन द्वारा जमीन एग्रीमेंट करने की बात सामने आई है। थानाध्यक्ष को घटना की सच्चाई का पता लगाने और हत्यारे की पहचान कर गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।
- राकेश कुमार, सिटी डीएसपी 2
घर में घुसकर महिला को चाकू मारा, 10 नामजद
सबौर थाना क्षेत्र के इंग्लिश गांव में दबंगों ने एक महिला पर घर में घुसकर बेरहमी से हमला किया। यह घटना 31 जुलाई की रात करीब साढ़े सात बजे हुई। जख्मी महिला, हीरा देवी, को ग्रामीणों की सहायता से मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने आवेदन में बताया कि वे घर पर अकेली थीं, तभी गांव के 10 दबंग हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए। हमलावरों के पास दबिया, चाकू, छुरा और डंडा था। वे गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे और जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया।
घटना के समय उनकी पुत्री ने छत से शोर मचाया, जिससे गांव के लोग पहुंचे और किसी तरह उनकी जान बची। हीरा देवी ने बताया कि ये दबंग पूर्व में भी उनके परिवार पर हमले कर चुके हैं। उनके पुत्र को भी बुरी तरह पीटा गया था, जिसका इलाज मायागंज अस्पताल में हुआ था। पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपितों में जयप्रकाश यादव, गोलू कुमार, हिमांशु कुमार, विजय यादव, राजेश यादव, हरेराम यादव, गौरव कुमार, खुशबू देवी, तिलेश्वरी यादव और संजू देवी शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।