Bihar Politics: 'बड़ा और छोटा पप्पू कांग्रेस-राजद को डूबा देगा', अश्विनी चौबे के तीखे बोल
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने भागलपुर में विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने पप्पू की वोटर अधिकार यात्रा को विपक्ष की अंतिम यात्रा बताया और कांग्रेस-राजद पर डूबने का आरोप लगाया। चौबे ने कांग्रेस पर अंबेडकर को चुनाव न लड़ने देने और जेपी को जहर देने का आरोप लगाया। उन्होंने लालू यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार में बड़ा पप्पू व छोटा पप्पू वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। यह विपक्ष की अंतिम यात्रा होगी। दोनों पप्पू कांग्रेस व राजद को डूबा देगा। उक्त बातें पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन कर कही। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव नहीं लड़ने देने वाले आज संविधान की किताब लेकर घूम रहे हैं।
चौबे ने यह भी कहा कि छोटे पप्पू के पिता पटना विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष थे। उन्होंने आपालकाल के दौरान आंदोलन में हिस्सा लिया था। जयप्रकाश नारायाण के समक्ष जातिवाद मिटाएंगे, नया भारत मिटाएंगे की शपथ ली थी। कांग्रेस के विरोध में शपथ लेने वाले आज कांग्रेस के साथ हो गए हैं।
चौबे ने आगे कहा कि आपातकाल लगाने वाली पार्टी ने जेपी को मीठा जहर देकर उनकी किडनी को डैमेज कर दिया था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ललित नारायण मिश्र छात्र आंदोलन में साथ आने वाले थे। वे जेपी से मिलने वाले थे। उनकी हत्या करा दी गई। उस वक्त उनके हत्यारे को छोड़ दिया गया और एक आनंदमार्गी को पकड़कर जेल भेज दिया गया। उन्हें साजिश के तहत दरभंगा व पटना के अस्पताल में भर्ती नहीं कराकर दानापुर के रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने सवाल किया कि राजद-कांग्रेस बताएं ललित नारायण मिश्रा का हत्यारा कौन है? उस समय के तत्कालीन गृहमंत्री का बयान आया था कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उसे छोड़ दिया गया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लालू को एक लाख का कूपन काटने के लिए दिया गया था। वे कूपन की राशि चट कर गए। जेपी ने उन्हें अपने घर से निकाल दिया था। वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा देने वाले चारा चोर, बिहार छोड़, नेशनल हेराल्ड के भ्रष्टाचारी भारत छोड़ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि चोर-चोर मौसेरा भाई हो गए हैं। बिहार में 15 वर्षों तक जंगलराज था। चुनाव के दौरान बक्शे लूटे जाते थे। हत्याएं होती थी। मतपत्र को छाप दिया जाता है। आज वही वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंच के प्रधानमंत्री के मांग को गाली दी जा रही है और तीन-तीन प्रधानमंत्री दे चुके परिवार के नेता चुप हैं। मोदी की आज दुनिया में तारीफ हो रही है। मोदी के निर्णय के कारण अमेरिका आज नंगा होने की स्थिति में है। वहां विद्रोह की स्थिति है। भारत तेजी से आत्मनिर्भर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। शाहनवाज हुसैन भागलपुर से चुनाव नहीं लड़ेंगे। दूसरे दलों से आए नेताओं अध्यक्ष बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति और सिद्धांत को मानने वालों को अध्यक्ष बनाया जाता है। देश का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री है। मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, दिलीप मिश्रा मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।