Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    जब गिरिराज सिंह ने लगवाया 'बिहार का मुख्‍यमंत्री' नारा...तो गूंज उठा सम्राट चौधरी का नाम

    By srikrishan mishraEdited By: Prateek Jain
    Updated: Tue, 02 May 2023 08:12 PM (IST)

    Bihar Politics बेगूसराय में दिनकर कला भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मंगलवार को भाजपा के दिग्‍गज नेताओं ने पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं को संबोधित किय ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    जब गिरिराज सिंह ने लगवाया 'बिहार का मुख्‍यमंत्री' नारा...तो गूंज उठा सम्राट चौधरी का नाम

    बेगूसराय, जागरण संवाददाताबेगूसराय में दिनकर कला भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मंगलवार को भाजपा के दिग्‍गज नेताओं ने पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर बरसे।

    वहीं, जैसे ही केंद्रीय मंत्री गिर‍िराज सिंह ने अपने संबोधन के दौरान बिहार का मुख्‍यमंत्री... का नारा लगाया तो दिनकर कला भवन सम्राट चौधरी के नाम से गूंज उठा।

    नीतीश कुमार मेमोरी लॉस सीएम हो गए हैं: सम्राट चौधरी 

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार मेमोरी लॉस सीएम हो गए हैं। वे कभी कहते हैं कि वे देश के गृह मंत्री थे, तो कभी कहते हैं कि बिहारशरीफ उन्होंने ही बनाया।

    भाजपा की कृपा से पांच बार मुख्यमंत्री बनने वाले नीतीश कुमार को अब सही से कुछ याद भी नहीं रहता है। इसलिए राम और परशुराम के वंशज मिलकर बिहार में भाजपा की सरकार बनाएंगे।

    सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। इसके लिए वे पूरे देश में घूम भी रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की बात तो दूर 2025 वे मुख्यमंत्री भी नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि जदयू को हम पार्टी ही नहीं मानते हैं, क्योंकि इसकी कोई विचारधारा नहीं है।

    आनंद मोहन का नाम लिए बिना सरकार को घेरा  

    वहीं, पूर्व सांसद आनंद मोहन का नाम लिए बिना कहा कि बिहार में अपराध बढ़ता जा रहा है और सरकार  अपराधि‍यों को जेल से रिहा कर रही है।

    सरकार की शराबबंदी की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि शराबबंदी के बाद भी शराब बंद नहीं हुआ और शराब की होम डिलि‍वरी हो रही है। इससे करीब 10 हजार करोड़ रुपये आज जदयू के खाते में जा रहे हैं।

    मुख्यमंत्री पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि अब रामनवमी का जुलूस निकालने पर भी यह सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं को फंसाने का कार्य कर रही है।

    कहा कि प्रधानमंत्री ने यहां 50 हजार करोड़ रुपये से हर्ल, एनटीपीसी, रिफाइनरी आदि का विकास करने का काम किया है। उन्होंने सांसद व विधायकों को जनता की समस्याओं की सिर्फ चिंता नहीं करने, बल्कि समाधान करने की बा‍त कही।

    बेगूसराय से परिवर्तन की लड़ाई की शुरूआत करनी है: केंद्रीय मंत्री

    केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि ये परिवर्तन का क्षण है। परिवर्तन की इस लड़ाई की शुरूआत बेगूसराय से ही करना है।

    उन्होंने कहा कि बिहार को भी योगी जैसा मुख्यमंत्री चाहिए, ताकि सबका साथ और सबका विकास का नारा पूरा हो सके। यदि मंदिर से लाउडस्पीकर हटे तो मस्जिद से भी लाउडस्पीकर हटे।

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुष्टिकरण नीति के कारण सिमरिया से खगड़िया तक बन रही सड़क निर्माण के क्रम में मंदिर हटाए गए, लेकिन मस्जिद व कब्रिस्तान नहीं तोड़ा गया, जबकि मंदिर के साथ मस्जिद कब्रिस्तान भी हटना चाहिए।

    इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से जब बिहार के अगले मुख्‍यमंत्री के नारे लगवाते हुए कहा- बिहार का मुख्‍यमंत्री... इतने में सम्राट चौधरी का नाम गूंज उठा।

    जमीन पर पसीना बहाने वाले हैं भाजपा कार्यकर्ता: राकेश सिन्‍हा

    राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा ने कहा कि अन्य पार्टी की तरह महलों से निकलने वाले भाजपा कार्यकर्ता नहीं होते हैं, बल्कि जमीन पर पसीना बहाने वाले भाजपा कार्यकर्ता होते हैं।

    सम्राट चौधरी भी जमीन से जुड़कर रहने वाले पार्टी के कार्यकर्ता हैं। बिहार में भाजपा की सरकार बनाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि जब महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश आदि प्रदेशों में भाजपा की सरकार बन सकती है, तो बिहार में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

    इसकी शुरूआत हमें बेगूसराय से विधानसभा चुनाव में सातों सीट लेकर करना है और आने वाले समय में एक अणे मार्ग सम्राट मार्ग के नाम से जाना जाएगा।

    कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सात दशक में कांग्रेस ने इस देश को श्रमिकों का देश बनाकर रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का दुनिया का नेतृत्व करने वाला देश बना दिया।