Baba Bageshwar: 'हम विवाद नहीं संवाद करते हैं', बांका में लगेगा बागेश्वर बाबा का दिव्य दरबार; निकाली जाएगी पर्ची
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) रविवार को धोरैया प्रखंड के गौरा गांव में चल रहे दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सह चंडी महायज्ञ कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यह देश सनातनियों का है तनातनियों का नहीं। बिहार संतों की भूमि है। हम तोड़ने नहीं हिंदुओं को जोड़ने के लिए निकले हैं।

बिजेन्द्र कुमार राजबंधु, बांका। धोरैया प्रखंड के गौरा गांव में चल रहे दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सह चंडी महायज्ञ कार्यक्रम में रविवार को पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) ने हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दिलाया।
वहां उपस्थित लोगों से सीधा संवाद कर उन्होंने हिंदू राष्ट्र बनाने में सहयोग की अपील की। उपस्थित भीड़ ने भी अपने-अपने हाथ उठाकर जय श्री राम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपना समर्थन दिया।
अपने आधा घंटे के संबोधन में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने राष्ट्र व हिंदुत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह देश सनातनियों का है, तनातनियों का नहीं। बिहार संतों की भूमि है। हम तोड़ने नहीं, हिंदुओं को जोड़ने के लिए निकले हैं।
देश घोषित हो हिंदू राष्ट्र
जब तक देश हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं होगा, हम चैन से नहीं रहेंगे। जातिवाद और छुआछूत से ऊपर रहेंगे तो हिंदू राष्ट्र बनेगा। बाबा ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि हम किसी दल का प्रचार करने निकले हैं। यह बता दें कि हम हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए आए हैं। हम विवाद नहीं संवाद करते हैं।
बागेश्वर धाम सरकार के प्रवचन को सुनने आये भक्त। जागरण
उन्होंने कहा कि देश में 80 प्रतिशत हिंदुओं की आबादी है। इसके बाद भी हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया है। इसके लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा। जब देश 1947 में आजाद हुआ तो पाकिस्तान बना। जबकि 80 प्रतिशत हिंदुओं की आबादी के बाद भी हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं बन सकता है।
हम किसी दल के प्रचारक नहीं, बल्कि हिंदुत्व के विचारक
दुनिया में डेढ़ सौ करोड़ हिंदुओं की आबादी है। इसके बाद भी हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, हम किसी दल के प्रचारक नहीं, बल्कि हिंदुत्व के विचारक हैं। हम हिंदुत्व जगाने और हिंदू राष्ट्र बनाने आए हैं। बाबा ने कहा कि हिंदू एक होगा तभी हिंदू राष्ट्र बनेगा। अब हिंदू न कटेगा न ही बटेगा, बल्कि एकजुट होगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यहां लव जेहाद, लैंड जेहाद हो रहा है। इसे रोकने के लिए जातिवाद और छुआछूत से उपर उठकर काम करना होगा। मंदिरों को तोड़ने वाले नेक नहीं हो सकते हैं। कुछ लाेग कहते हैं कि हम नफरत फैलाने आए हैं।
हम देश को तोड़ने की नहीं जोड़ने की बात करते हैं
बागेश्वर बाबा ने कहा कि हम नफरत नहीं, हम प्रेम फैलाने आए हैं। लोगों को लगता है कि हम हिंदू-मुसलमान करते हैं। हम किसी को भड़काते नहीं है। हम तो मिसाइल मैन अब्दुल कलाम और राम रहीम को भी मानते हैं। हम देश को जोड़ने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि है। इसलिए हमे कोई बिहार आने से रोक नहीं सकता है। अंत में उन्होंने हंसने और हंसाने का संदेश भी दिया। प्रवचन कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने की। समारोह को संत राजू दास, संजीव कृष्ण ठाकुर सहित अन्य ने संबोधित किया।
बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री जयंत राज कुशवाहा, धोरैया विधायक भूदेव चौधरी, गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री सहित अन्य थे। इसके पहले कार्यक्रम के आयोजक कौशल कुमार सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को धातु से बना नंदी देकर स्वागत किया।
गौरा में लगेगा दिव्य दरबार, होगा प्रवचन
पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने उपस्थित लोगों के प्रेम को देखते हुए आगामी तीन दिनों तक गौरा में प्रवचन करने की घोषणा की। इसमें एक दिन दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। इसमें लोगों की पर्ची निकाले जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।