अरवल पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, नीतीश पर जमकर बोला हमला; कहा- जाति जनगणना पर CM फैला रहे भ्रम
जन संवाद यात्रा के तहत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी आज अरवल पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जातीय जनगणना को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में भाजपा की ही जीत होगी।
जागरण संवाददाता, अरवल। जन संवाद यात्रा के दौरान अरवल पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। अरवल पटना सीमा पर कोरियम गांव के पास भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को फूलमाला से स्वागत किया। उसके बाद प्रसादी इंग्लिश अहियापुर में स्वागत हुआ।
लड्डू से तौल कर सम्राट चौधरी किए गए सम्मानित
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ज्योति रंजन के नेतृत्व में जीए उच्च विद्यालय के पास भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को लड्डू से तौला गया। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार अरवल पहुंचे थे।
अरवल में फूल मालाओं से लादकर और लड्डू से तौल कर सम्राट चौधरी को सम्मानित किया गया। सबसे पहले सम्राट चौधरी को जीए उच्च विद्यालय के पास लड्डू से तौला गया।
उसके बाद जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष ने साइकिल से वासिलपुर से भगत सिंह चौक तक यात्रा किया और प्रखंड परिसर में डॉ भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में दिखे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का अरवल में जोरदार स्वागत
उसके बाद समाहरणालय परिसर स्थित इंदौर स्टेडियम के पहले भाजपा के महिला कार्यकर्ता ने पुष्प वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा नेताओं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया।
मंच पर पहुंचते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा गदा, तलवार, मुकुट, फूलों की माला और अंग वस्त्र देकर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।
उसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पूरा स्टेडियम भाजपा कार्यकर्ताओं से भरा हुआ था।
‘इंडिया’ भ्रष्टाचारियों का गठबंधन: सम्राट चौधरी
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि कहा कि जिस तरह से लोगों का अपार जनसमर्थन है, इससे नीतीश कुमार को एक दिन भी सत्ता में रहने का अधिकार नही हैं।
जनसमर्थन से ये स्पष्ट हो गया है कि 2024 में बिहार की जनता नरेंद्र मोदी को बिहार में 40 में 40 सीट देने का काम करेगी।
उन्होंने एनडीए के विरुद्ध बन रहे ‘इंडिया’ गठबंधन के बारे में कहा कि ये सभी भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है। जितने भी दल महागठबंधन में शामिल हैं वे सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
एनडीए में किसी कीमत पर नहीं नीतीश की वापसी: सम्राट
उन्होंने पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर खुद को धन्य बताते हुए कार्यकर्ताओं से मुखर होकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष में ज्यादा अंतर नहीं है।
बीजेपी पूर्व में नीतीश कुमार के साथ 12 वर्षों तक अंधे प्यार में रही मगर अब नीतीश कुमार जंगल राज के पुरोधा लालू की गोद में जा बैठे हैं, जिसे 2025 में उखाड़ फेंकना है। अब उनकी वापसी किसी भी कीमत पर एनडीए में नहीं होने वाली है।
उन्होंने कहा कि यह पगड़ी तभी खुलेगी जब नीतीश को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे। अगर 2024 में नरेंद्र मोदी की सरकार और 2025 में बिहार की जनता हमें चुनती है, तो यकीनन बिहार के अपराधी या तो नेपाल में होंगे या फिर पाताल में, और फिर भी नहीं माने तो बिहार में भी बुलडोजर चलेगा और अपराधियों के घर ध्वस्त होंगे।
नीतीश जातीय गणना को लेकर फैला रहे भ्रम: सम्राट
उन्होंने आगे कहा, बिहार सरकार केंद्र के पैसों से चल रही है। केंद्र जब सड़क बनाने और अस्पताल बनाने के लिए तैयार होती है, तो नीतीश कुमार जमीन नहीं देते हैं तो विकास कैसे होगा।
लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरक्षण को लेकर हो हल्ला मचाती है, लेकिन 15 साल के उनके शासन में आरक्षण अपने परिवार को छोड़कर किसी को नहीं दिए हैं।
जातीय जनगणना को लेकर भ्रम फैलाया गया है। अगर नीतीश कुमार में हिम्मत है तो 24 घंटे में जातीय गणना के आंकड़े सार्वजनिक करें, नहीं तो पद से इस्तीफा दें।
भाजपा के शासन ने अर्थव्यवस्था का विकास
आरक्षण देने का काम भाजपा करती है। गरीब स्वर्ण को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शिता का परिणाम है कि 2014 में भारतीय अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जो आज पांचवें स्थान पर आ गई है।
भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था, लेकिन अब सोने का पेड़ बोला जाएगा।
इस मौके पर पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी पूर्व विधायक मनोज शर्मा, चितरंजन कुमार, राजेश वर्मा, रत्नेश कुशवाहा दीपक शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: लोजपा रामविलास का दावा: चिराग पासवान बनेंगे बिहार के अगले मुख्यमंत्री, कहा- उन पर बढ़ा है जनता का विश्वास
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।