Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kosi Mechi Link Project: 117 किमी लंबी होगी कोसी मेची लिंक नहर, इन 4 जिलों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ

    Updated: Mon, 20 Jan 2025 05:04 PM (IST)

    कोसी मेची लिंक नहर परियोजना (Kosi Mechi Link Canal Project) बिहार के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। यह 117 किमी लंबी होगी और इसके पूरा होने से सीमांचल के चारों जिलों पूर्णिया कटिहार किशनगंज और अररिया के दो लाख 15 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी। इस परियोजना से सिंचाई के लिए चार ब्रांच कैनाल और छह डिस्ट्रीब्यूटरी कैनाल निकलेगी।

    Hero Image
    फारबिसगंज होकर बहने वाली पूर्वी कोसी नहर। जागरण

    प्रशांत पराशर, अररिया। 'नदी जोड़ो योजना' के तहत केंद्र सरकार की बहुप्रतीक्षित कोसी मेची लिंक नहर परियोजना (Kosi Mechi Link Canal Project) पर कार्य शुरू हो गया है। फिलहाल, इस परियोजना के एलाइनमेंट और ड्रोन सर्वे का कार्य चल रहा है। इसके लिए बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग और केंद्रीय एजेंसी एनडब्लूडीए (नेशनल वाटर डेवलपमेंट एजेंसी) के बीच एमओयू हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एनडब्लूडीए इस पूरी परियाेजना के एलाइनमेंट के सत्यापन का कार्य कर रही है। जल संसाधन विभाग का समग्र योजना एवं अन्वेषण प्रमंडल दो पटना इसका नोडल विभाग है। परियोजना के वर्तमान प्रारूप के अनुसार इसमें सुपौल के वीरपुर, कटिहार और अररिया जिले के बथनाहा और अररिया सिंचाई प्रमंडल को शामिल किया गया है। किशनगंज में सिंचाई प्रमंडल नहीं होने से फिलहाल वहां का कार्य अररिया प्रमंडल ही देख रही है।

    क्या है कोसी मेची लिंक नहर प्रोजेक्ट?

    कोसी बराज से मेची नदी तक यह पूरी परियोजना 117.5 किमी लंबी होगी। इसके तहत वीरपुर से फारबिसगंज तक पहुंची मुख्य पूर्वी नहर का किशनगंज के मेची नदी तक विस्तार होगा। जिसमें फारबिसगंज तक मुख्य पूर्वी नहर 41.3 किमी बना हुआ है। यहां से इसी नहर का मेची नदी तक 76.2 किमी विस्तारीकरण होगा।

    इस परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए इस नहर की क्षमता भी बढ़ायी जाएगी। 1962 में बने नहर का डिजाइन डिस्चार्ज फिलहाल 425 क्यूमेक(घनमीटर) है, जिसकाे बढ़ाकर 573 क्यूमेक किया जाएगा।

    इस पूरी नहर परियोजना से सिंचाई के लिए चार ब्रांच कैनाल (शाखा नहर) और छह डिस्ट्रीब्यूटरी कैनाल (वितरणी नहर) होगा। ब्रांच कैनाल एक की लंबाई सबसे अधिक 116 किमी है, जो बथनाहा प्रमंडल में आएगा। ब्रांच कैनाल दो कटिहार डिवीजन में है, जिसकी लंबाई 65 किमी।

    वहीं, अररिया प्रमंडल में कैनाल तीन 18 किमी और कैनाल चार 30 किमी लंबी होगी। इसी तरह छह डिस्ट्रीब्यूटरी कैनाल में अररिया जिले के बथनाहा प्रमंडल में पड़ने वाले एक की लंबाई 10 किमी, दो की लंबाई 05 किमी, कटिहार प्रमंडल में तीन की लंबाई पांच और चार की सात किमी, अररिया प्रमंडल का डिस्टी्रब्यूटरी कैनाल पांच की 11 किमी और छह की 10 किमी लंबाई होगी।

    पांच हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी से सिंचाई सुविधा का होगा विस्तार

    फिलहाल पूर्वी कोसी नहर की क्षमता 15 हजार क्यूसेक घनफीट प्रति सेकेंड की है। जिसकी क्षमता बढ़ाकर 20 हजार की जाएगी। पांच हजार क्यूसेक अधिक पानी मिलने से अतिरिक्त सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी। जिसका लाभ अररिया जिले में सिकटी, पलासी, कुर्साकांटा और जोकीहाट प्रखंड को मिलेगा। सिकटी, पलासी और कुर्साकांटा में फिलहाल नहर से सिंचाई की सुविधा नहीं है।

    वहीं जोकीहाट में आंशिक सुविधा है। जबकि जिले का अररिया, रानीगंज, नरपतगंज, भरगामा और फारबिसगंज प्रखंड नहर की सिंचाई प्रणाली से पूरी तरह आच्छादित है।

    कोसी मेची नदी जोड़ परियोजना के लिए 11,500 करोड़ की घोषणा

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2024-25 के केंद्रीय बजट में बिहार के इस महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित कोसी मेची नदी जोड़ परियोजना समेत कई अन्य परियाेजना के लिए 11,500 करोड़ रूपए की घोषणा की थी। जिसके बाद इस पर प्रारंभिक कार्य शुरू हुआ है।

    इसके तहत कोसी नदी को नहर के जरिये महानंदा की सहायक नदी मेची से जोड़ा जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खरीफ की फसल के दौरान इस प्रोजेक्ट से सीमांचल के चारों जिले पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया के दो लाख 15 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी।

    कोसी मेची लिंक नहर 117 किमी लंबी होगी। इसके तहत वीरपुर से फारबिसगंज तक पहुंची मुख्य पूर्वी नहर का किशनगंज के मेची नदी तक 76.2 किमी विस्तारीकरण होगा। इसके लिए फिलहाल ड्रोन सर्वे और एलाइनमेंट के सत्यापन का कार्य चल रहा है। इसमें सिंचाई विभाग का चार प्रमंडल वीरपुर, कटिहार, बथनाहा और अररिया शामिल है। इसके पूरा होने से अररिया जिले में सिकटी, पलासी, कुर्साकांटा और जोकीहाट प्रखंड को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे सिंचाई के लिए चार ब्रांच कैनाल और छह डिस्ट्रीब्यूटरी कैनाल निकलेगी। - सुरेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, अररिया

    ये भी पढ़ें- Bihar: इस जिले में बनेगा बिहार का सबसे बड़ा तालाब, 156 एकड़ होगा रकबा; 75.28 करोड़ की DPR तैयार

    ये भी पढ़ें- बकरी पालन से चमक जाएगी किस्मत! नीतीश सरकार पैसों से करेगी मदद, पशुपालन विभाग ने किया बड़ा एलान