Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सऊदी अरब में महिलाओं की ड्राइविंग पर लगा प्रतिबंध हटा, महिलाओं ने थामा स्टीयरिंग

    By Pramod KumarEdited By:
    Updated: Mon, 25 Jun 2018 05:15 PM (IST)

    सऊदी अरब में महिलाओं के गाड़ी चलाने पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है। इस प्रतिबंध के हटने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं को गाड़ी चलाते हुए देखा गया।

    नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। सऊदी अरब में महिलाओं के गाड़ी चलाने पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया है। इस प्रतिबंध के हटने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं को गाड़ी चलाते हुए देखा गया। सऊदी अरब दुनिया का एकमात्र ऐसा देश बचा था, जहां महिलाओं पर ड्राइविंग के लिए प्रतिबंध लगा हुआ था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रतिबंध हटने के बाद तहलिया स्ट्रीट में गाड़ी चला रही एक महिला हास्से-अल-अजीजी ने बताया कि मैं बहुत उत्साहित हूं। यह प्रतिबंध हट गया है और इसे बयान करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। अल-अजीजी के पास अमेरिकी ड्राइविंग लाइसेंस था। अब उनके पास सऊदी अरब का भी लाइसेंस है। उन्होंने कहा कि अब वह अपने ऑफिस खुद ड्राइव करते हुए जाएंगी।

    लंबे समय से हो रही थी मांग-

    इस प्रतिबंध को हटाने के लिए पिछले तीन दशकों से मांग की जा रही थी। महिलाएं और पुरुष मिलकर यह मांग कर रहे थे कि ड्राइविंग पर लगा यह प्रतिबंध हटाया जाए। 1990 में विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्राइव करने वाली महिलाओं को काफी प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था। उनकी नौकरियां चली गई थीं और उनके विदेश जाने पर पाबंदी लगा दी गई थी। देश के रुढ़िवादियों का मानना था कि अगर महिलाएं गाड़ी चलाएंगी तो यह एक पाप होगा और इससे महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं होंगी।

    इस प्रतिबंध को हटाने से पहले सऊदी अरब में यौन उत्पीड़न के खिलाफ एक कानून बनाया गया है। इसमें गंभीर अपराधों के लिए 5 साल की कैद का प्रावधान है। पिछले साल किंग सलमान द्वारा महिलाओं को ड्राइविंग करने का अधिकार देने की घोषणा के बाद इसको लेकर हो रही आलोचनाएं बंद हो गई हैं। हालांकि, इस प्रतिबंध को खत्म करने से ठीक एक हफ्ते पहले विरोध-प्रदर्शन करने वाले 10 लोगों को हिरासत में लिया गया था।

    प्रतिबंध हटने के बाद भी बहुत सी महिलाएं ड्राइव नहीं कर पाएगी। उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। लाइसेंस लेने से पहले उन्हें तीन महीने पहले शुरू किया गया एक कोर्स करना होगा। इसकी क्लास को लेकर कई शहरों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। इस कोर्स की फीस भी काफी ज्यादा है।

    कुछ लोग अब भी इस बदलाव का विरोध कर रहे हैं। वहीं अधिकतर पुरुष इस बदलाव का स्वागत कर रहे हैं। इस बारे में बात करते हुए फवाज अल-हरबी ने कहा कि इस फैसले से महिला और पुरुष का भेद मिटेगा और हमें पता चलेगा कि महिलाएं वो सब कर सकती हैं जो एक पुरुष कर सकता है। उन्होंने कहा कि मैं इस बदलाव का इंतजार कर रहा था। अब मेरी मां और बहन ड्राइव कर सकेंगी।

    असील अल-हमद बनी F1 कार चलाने वाली पहली सऊदी महिला- एक तरफ सऊदी अरब में महिलाओं की ड्राइविंग से प्रतिबंध हटाया गया, वहीं दूसरी तरफ असील अल-हमद ने F1 कार चलाई। असील सऊदी अरब मोटोस्पोर्ट फेडरेशन की बोर्ड मैंबर हैं। उन्होंने फ्रांस के ले केस्टलेट सर्किट पर रेनो फॉर्मूला वन टीम E20 कार दौड़ाई।