Lok Sabha Election 2024: राजस्थान कांग्रेस नेताओं की लड़ाई न्यायालय तक पहुंची, एक नेता ने पांच के खिलाफ दस करोड़ की मानहानि का किया दावा
लोकसभा चुनाव सम्पन्न होते ही राजस्थान में कांग्रेस के नेताओं की आपसी लड़ाई न्यायालय तक पहुंच गई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व उपाध्यक्ष अर्चना शर्मा ने वरिष्ठ नेता व राज्य पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष राजीव अरोड़ा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन महासचिव महेश शर्मा सहित पांच लोगों के खिलाफ दस करोड़ रूपये की मानहानि का दावा किया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। लोकसभा चुनाव सम्पन्न होते ही राजस्थान में कांग्रेस के नेताओं की आपसी लड़ाई न्यायालय तक पहुंच गई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व उपाध्यक्ष और करीब चार महीने पहले मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली अर्चना शर्मा ने वरिष्ठ नेता व राज्य पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष राजीव अरोड़ा, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन महासचिव महेश शर्मा सहित पांच लोगों के खिलाफ दस करोड़ रूपये की मानहानि का दावा किया है।
5 लोगों को जारी हुआ नोटिस
इस मामले में जयपुर महानगर द्वितीय क्षेत्र के अतिरिक्त जिला न्यायालय ने पांच लोगों को नोटिस जारी किया है। इन सभी से 27 मई को जवाब देने के लिए कहा है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव में अर्चना का एक कथित आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पैसे के लेनदेन की बात हो रही थी। उस समय अर्चना ने आडियो को फर्जी बताते हुए कहा था कि यह मेरे खिलाफ साजिश है, क्योंकि मैं चुनाव में आगे हूं। अब अर्चना ने कांग्रेस के पांच नेताओं के खिलाफ न्यायालय में मानहानि का दावा पेश किया है।
प्रतिवादियों को देना होगा न्यायालय को जवाब
अर्चना ने कहा कि 25 नवंबर, 2023 को विधानसभा चुनाव होने थे। इससे पहले अर्चना के पूर्व सहायक महावीर उपाध्याय ने अरोड़ा, महेश सहित दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 22 नवंबर को एक कूटरचित आवाज से बनाया आडियो जारी कर कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार लोगों को धमका कर पैसे वसूलती है।
ऐसा उन्होंने वादी की संपति हड़पने और ब्लैकमेल करने के लिए किया था। इस बारे में सांगानेर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। अरोड़ा, महेश एवं अन्य ने ऐसा राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण किया था। इससे उनके परिवार व पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है।
प्रतिवादियों ने आडियो यूट्यूब व व्हाट्सअप सहित इंटरनेट मीडिया के अन्य स्थानों पर वायरल करवाया था। ऐसे में प्रतिवादियों से दस करोड़ रूपये की क्षतिपूर्ति प्राप्त करने की अधिकारी है। न्यायालय ने अरोड़ा, महेश सहित सभी प्रतिवादियों को जवाब पेश करने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें- CBI ने की 30 स्थानों पर की छापेमारी, विभिन्न साक्ष्य हुए बरामद; ऐप आधारित निवेश योजना से जुड़ा है मामला
यह भी पढ़ें- Bomb Threat: दिल्ली-NCR के स्कूलों को मिली धमकी को MHA ने बताया अफवाह, अभिभावकों को दी परेशान नहीं होने की सलाह