Bijnor Encounter News: यूपी में पशु चोर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; एक कांस्टेबल भी घायल
गश्त के दौरान पुलिस को थाना क्षेत्र के गांव नरावली के पास नहर के पुल पर पशु चोरों से मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी। एक कांस्टेबल विवेक सिंह पुत्र लोकेंद्र सिंह के भी हाथ से छूते हुए गोली गई जिससे वह भी घायल हो गया।
संवाद सूत्र जागरण, स्योहारा (बिजनौर)। रविवार रात गश्त के दौरान पुलिस को थाना क्षेत्र के गांव नरावली के पास नहर के पुल पर पशु चोरों से मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी। एक कांस्टेबल विवेक सिंह पुत्र लोकेंद्र सिंह के भी हाथ से छूते हुए गोली गई, जिससे वह भी घायल हो गया।
आरोपत पशु चोर निकला
पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में पकड़ा गया आरोपित शातिर पशु चोर निकला। आरोपित सुभान उर्फ भूरा पुत्र उस्मान निवासी गांव भनेड़ा थाना किरतपुर, तहसील नजीबाबाद, बिजनौर है। स्योहारा थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि आरोपित पशु चोर है, उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया गया है।
उस पर पहले भी मुकदमा दर्ज हैं, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपित और पुलिसकर्मी को सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। आरोपित अपने साथियों के इंतजार में नहर के पुल पर खड़ा था। आरोपित से पूछताछ कर उसके साथियों के बारे में जानकारी की जा रही है।