क्या Akhilesh ने चुपचाप लगवाई वैक्सीन? सपा प्रमुख ने किया सब क्लियर, बिना नाम लिए BJP के बड़े नेता पर कसे तंज
तेज धूप में राहत देने वाली हवा की बात करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि इन हवाओं ने पहले चरण में भाजपा को उखाड़ फेंक दिया है। तीसरे चरण के चुनाव की शुरुआत मैनपुरी से बरेली तक है। इसमें भाजपा का पूरा सफाया होने जा रहा है। इसके बाद पुरानी बातें दोहराते हुए कहा कि अब तो भजपा की पोल खुलती चली जा रही है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। भाजपा के रोड शो के एक दिन बाद शुक्रवार को जनसभा करने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री पर तंज कसे और भाजपा को वैक्सीन के बहाने घेरा। उन्होंने कहा कि वह रोड शो करने आए थे, हमने उनका योग शो भी देखा है। कोरोना वैक्सीन को लेकर सरकार को घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि लोगों की जान खतरे में डाल दी है। मैंने वैक्सीन नहीं लगवाई।
इसके बाद पुराने अंदाज में संविधान बचाने और पुलिस की नौकरी चार साल होने का डर भी दिखाया। शुक्रवार को किशनी और बरनाहल में आयोजित जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सुनने के लिए भीड़ उमड़ी थी। गुरुवार को हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो से बात शुरू की। कहा कि मैनपुरी में बाहरी लोग आ रहे हैं। उन्होंने जब टांग पर टांग रखकर योग किया तो लड़खड़ा गए थे। उनकी क्रिकेट भी हमने देखी है। बाल तीन बार टप्पा खाई, उसके बाद बैट चलाया। इसी तरह उनकी सरकार भी चल रही है।
हवाओं ने पहले चरण में भाजपा को उखाड़ फेंका
तेज धूप में राहत देने वाली हवा की बात करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि इन हवाओं ने पहले चरण में भाजपा को उखाड़ फेंक दिया है। तीसरे चरण के चुनाव की शुरुआत मैनपुरी से बरेली तक है। इसमें भाजपा का पूरा सफाया होने जा रहा है। इसके बाद पुरानी बातें दोहराते हुए कहा कि अब तो भजपा की पोल खुलती चली जा रही है। हम अभी तक आपको उनके संविधान को खत्म करने के षडयंत्र से सावधान कर रहे थे, लेकिन अब ये लोग जान के पीछे भी पड़ गए।
वैक्सीन लगवाकर लोगों की जान को भी खतरा पैदा कर दिया। यहां कई लोगों ने वैक्सीन लगवा ली होगी, लेकिन मैंने नहीं लगवाई। सरकार ने जैसे फ्री वैक्सीन लगवाई, वैसे ही गरीबों के स्वास्थ्य की जांच बड़े अस्पतालों में फ्री कराए। वैक्सीन ने पूरे देश में खतरा पैदा कर दिया। गठबंधन सरकार बनने पर फ्री डेटा और फ्री आटा, किसानों की कर्ज माफी और अग्निवीर योजना खत्म करने के वादे को दोहराते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा वालों से बेहद सावधान रहने की जरूरत है।
ये कहते कुछ और करते कुछ और हैं। भाजपा जीती तो अग्निवीर की तरह पुलिस की नौकरी चार साल की हो जाएगी। जब से इलेक्ट्रोरल बांड का मामला सामने आया है, तब से भाजपा का बैंड बजा हुआ है। अखिलेश ने समर्थकों में फिर उत्साह जगाते हुए कहा कि मैनपुरी से डिंपल तो पड़ोसी जिले कन्नौज से मैं भी चुनाव लड़ रहा हूं। हालांकि मैनपुरी का मुकाबला कन्नौज नहीं कर पाता है, लेकिन आप लोग वहां भी मदद करना।
ये जो भाजपा के बड़े-बड़े नेता मैनपुरी आ रहे हैं, वह केवल औपचारिकता करने आए हैं। बाद में यहां की जनता का रिकार्ड देखेंगे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के बीच बिट्रेन की कोर्ट में वैक्सीन बनाने वाली एक कंपनी की स्वीकारोक्ति पर सियासत तेज हुई तो सपा मुखिया ने उसका हवाला देकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उसके जवाब में अमित शाह ने मैनपुरी की सभा में कहा था कि अखिलेश ने खुद डिम्पल के साथ जाकर चुपचाप वैक्सीन लगवा ली थी।
अखिलेश ने शुक्रवार को कन्नौज के हसेरन में उसका जवाब देते हुए कहा कि अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई थी। कोरोना काल में आठ जून 2021 को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वैक्सीन लगवाई थी। तब अखिलेश ने खुद वैक्सीन लगवाने की सहमति जताई थी।
28 अप्रैल को गृहमंत्री अमित शाह ने मैनपुरी की जनसभा में अखिलेश के सवाल खड़े करने पर कहा था कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई वैक्सीन को वह पत्नी समेत लगवा चुके हैं। हसेरन की जनसभा में सपा मुखिया ने कहा कि कोरोना काल में भाजपा ने दबाव बनाकर लोगों को वैक्सीन लगवाई। अब ब्रिटेन की कोर्ट से फैसला हुआ कि वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को दिल की बीमारी का खतरा बढ़ गया। हमने तो वैक्सीन नहीं लगवाई।