‘अखिलेश को परिवार के सिवा कोई यादव नहीं दिखता’; अमित शाह ने कहा, सपा-बसपा की सरकार में चलते थे कट्टे के कारखाने
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वेदों की पवित्र भूमि को प्रणाम कर जब अपनी बात शुरू करते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों का जिक्र करते हुए यहीं के मूल निवासी उस्ताद राशिद खान को याद करते हुए सीधा संवाद कर माहौल मोदीमय कर दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि उन्हें परिवार के अलावा कोई यादव नहीं दिखाई देता।
कमलेश शर्मा, बदायूं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वेदों की पवित्र भूमि को प्रणाम कर जब अपनी बात शुरू करते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों का जिक्र करते हुए यहीं के मूल निवासी उस्ताद राशिद खान को याद करते हुए सीधा संवाद कर माहौल मोदीमय कर दिया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि उन्हें परिवार के अलावा कोई यादव नहीं दिखाई देता। परिवार के जिन पांच यादवों को टिकट दिए गए हैं उनमें चार के नाम भी गिनाए, लेकिन बदायूं के प्रत्याशी का नाम नहीं लिया।
गंगा एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक कॉरिडोर से युवाओं को रोजगार मिलने की बात कही। वायदा किया कि यहां से दुर्विजय सिंह शाक्य को जिताकर भेजने पर बदायूं को उत्तर प्रदेश का नंबर वन जिला बनाएंगे।
इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में गुरुवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने परिवारवाद के मुद्दे पर अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि बदायूं में यादव समाज बड़ी संख्या में रहता है, सवाल किया, आपको अपने परिवार के सिवा कोई यादव नहीं दिखता, आप खुद लड़ रहे हो, डिंपल बहन लड़ रही, अक्षय, धर्मेंद्र, बदायूं में आदित्य का नाम लिए बगैर कहा कि कोई और भी लड़ रहा है।
पांचों यादव अपने परिवार से दे दिया, क्या बदायूं के यादवों का कभी नंबर लगने वाला है? यहां 70 से अधिक गांव अंधेरे में थे, जहां मोदी जी ने बिजली पहुंचाई। रुख बदलते हुए कहा कि यहां कांवड़ यात्रा पर हमले होते थे, पश्चिमी यूपी से पलायन होते थे। योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया तो अब गुंडे पलायन कर रहे हैं।
लोकल जुड़ाव करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे बना रहे हैं। 92 किमी बदायूं में पड़ता है। बिनावर में औद्यागिक कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है, रोजगार के साधन भी मिलेंगे। जब सपा, बसपा की सरकार थी तब यूपी में कट्टे बनाने के कारखाने चल रहे थे। अब तोपें बन रही हैं गोले बन रही हैं। जब यूपी का गोला पाकिस्तान में गिरेगा तो पाकिस्तान को पता चलेगा कि यूपी का गोला कैसा होता है।