यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तर कोरिया से युद्ध नहीं चाहता अमेरिका, जिम मैटिस ने बताया- क्या है मकसद
उत्तर कोरिया द्वारा लगातार परमाणु परीक्षण और हमले की दी जा ही धमकियों से अमेरिका के साथ उसके काफी तनावपूर्ण ...और पढ़ें

सियोल, आइएएनएस। उत्तर कोरिया से तनातनी के बीच दक्षिण कोरिया पहुंचे अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार युद्ध की बजाय कोरियाई प्रायद्वीप को पूरी तरह से परमाणु मुक्त करने की प्रक्रिया शुरू करना चाहती है।
गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया दौरे के पहले दिन मैटिस ने एक बॉर्डर गार्ड पोस्ट और ज्वाइंट सिक्युरिटी एरिया का भ्रमण किया, जो दोनों कोरियाई प्रांत को विभजित करने वाले डीमिलटराइज्ड जोन (असैन्यीकरण क्षेत्र) का हिस्सा हैं। इस दौरान ही मैटिस ने उत्तर कोरिया को लेकर यह टिप्पणी की।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, उत्तर कोरिया से कई मीटर की दूरी पर खड़े हुए मैटिस ने किम जोंग-उन प्रशासन से अनुरोध किया कि वे दूसरों को तबाह करने की धमकी देने जैसी उकसावे भरी गतिविधियों को बंद करे, क्योंकि विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने स्पष्ट कर दिया है कि हमारा मकसद युद्ध करना नहीं, बल्कि कोरियाई प्रायद्वीप को पूरी तरह से परमाणु मुक्त करना है।
वहीं, मैटिस के जवाब में दक्षिण कोरियाई रक्षा मंत्री सॉन्ग यॉन्ग-मू ने जोर देते हुए कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु एवं बैलिस्टिक मिसाइल ऐसे हथियार हैं जिनका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। अगर वह करता है तो उसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया की संयुक्त शक्तिशाली सुरक्षा बल के प्रतिशोध का सामना करना पड़ेगा।
