यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
काशीपुर में अलग-अलग सड़क हादसे में दो की मौत
अलग-अलग सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

काशीपुर (उधमसिंह नगर)। अलग-अलग सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ग्राम सेडा धामपुर बिजनौर निवासी विवेक कुमार (28 वर्ष) पुत्र राम गोपाल का मुरादाबाद रोड स्थित ग्राम हरियावाला के पास ट्रांसपोर्ट है। वह परिवार के साथ यहां बैशाली कालोनी में रहता था। बीती देर रात वह ट्रांसपोर्ट दफ्तर बंदकर घर जाने के लिए सड़क पर बस का इंतजार कर रहा था। इस बीच मुरादाबाद की ओर से आ रही इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल युवक की एलडी भट्ट अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मूलरूप से ग्राम सैल्डोबा टफाट, बागेश्वर निवासी 26 वर्षीय जानकी बल्लभ जोशी पुत्र लक्ष्मी दत्त जोशी यहां जसपुर खुर्द में रहकर एक होटल में काम करता था। बीती देर रात वह अपने दोस्त मनोज के साथ बाइक से घर की ओर जा रहा था। कुण्डेश्वरी रोड स्थित एक दीवार से बाइक टकरा गयी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को एलडी भट्ट अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने जानकी बल्लभ को मृत घोषित कर दिया। मनोज का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मनोज कोटाबाग हल्द्वानी का रहने वाला है। सूचना पर अस्पताल पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घटना की जानकारी ली और शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाया।
पढ़ें:-आधी रात कंबलों की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
