यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाइक को बचाने के दौरान डिवाइडर पर चढ़ी बस, पलटी
उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में बाइक को बचाने में एक बस डिवाइडर में चढ़कर पलट गई। इसमें बस चालक घायल हो गया।

रुद्रपुर(उधमसिंह नगर), [जेएनएन]: बाइक को बचाने के दौरान रोडवेज की काठगोदाम डिपो की बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। चालक भूपाल सिंह घायल हो गए, जबकि यात्री बाल-बाल बाल गए।
आज रोडवेज की बस (यूके 04 पीए 0230) हल्द्वानी से सवारी लेकर रुद्रपुर की तरफ आ रही थी। मेट्रोपोलिस मॉल के सामने जिलाधिकारी आवास के लिए बने संपर्क मार्ग की तरफ से आ रहे बाइक सवार को बस नहीं दिखी और वह हाईवे पर आ गया।
अचानक बाइक के सामने आ जाने से बस चालक भूपाल सिंह ने स्टीयरिंग काटा तो अगले पहिया डिवाइडर पर चढ़कर फट गया। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में इस दौरान 15 यात्री थे, जो बस की रफ्तार काम होने के कारण बाल बाल बच गए। चालक के मामूली चोट आई। सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी केजी मठपाल मौके पर पहुंचे।
