विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विराट कोहली का अपमान कर रही भाजपा: सीएम

By Gaurav KalaEdited By:
Published: Sun, 26 Feb 2017 07:49 PM (IST)Updated: Mon, 27 Feb 2017 06:55 AM (IST)

भाजपा पर मामले को राई का पहाड़ बनाने का आरोप लगाते हुए उत्‍तराखंड के सीएम हरीश रावत ने कहा कि ...और पढ़ें

विराट कोहली का अपमान कर रही भाजपा: सीएम
विराट कोहली का अपमान कर रही भाजपा: सीएम
देहरादून, [राज्‍य ब्‍यूरो]: मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड के पर्यटन विकास के ब्रांड एंबेसडर विराट कोहली को आपदा मद से किए गए भुगतान को सही करार दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए न्यायपूर्ण मद से पैसा खर्च किया गया है। उन्होंने इस मामले में भाजपा पर मामले को राई का पहाड़ बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ऐसा कर विराट कोहली का भी अपमान कर रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशियों के सुरक्षाकर्मियों के बूथ के भीतर प्रवेश करने पर भी सवाल उठाए। 
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि विराट कोहली ऐसे यूथ आइकन हैं, जिनकी सेवाएं लेने के लिए हर कोई आतुर है। भाजपा अपनी चुनावी खिसियाहट और आरोप लगाने की हड़बड़ाहट में आइकन विराट कोहली का भी अपमान कर रही है। 
राज्य की ओर से विराट कोहली का धन्यवाद है जिन्होंने अल्प समय के लिए सही लेकिन राज्य के लिए ब्रांडिंग करना मंजूर किया। इसके लिए उन्हें भुगतान नहीं लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया गया है। भुगतान तब होता, जब राज्य उनकी असली फीस देती। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में भी राज्य अपनी ब्रांडिंग के लिए सेलिब्रिटी का सहारा लेते हैं। प्रदेश सरकार ने ऐसे समय में उनकी सेवा ली, जब पर्यटन व चारधाम को इसकी जरूरत थी। इस दौरान एक पूर्व मुख्यमंत्री यह कह रहे थे कि जिसे उत्तराखंड आना है अपने सिर पर कफन बांध कर आए। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से पूछा कि प्रदेश में सुरक्षित पर्यटन का संदेश देना कहां तक गलत है। इस संदेश को देने के लिए विराट कोहली का चयन कहां गलत है। 
क्या जो भुगतान किया गया क्या वह वास्तविक भुगतान से अलग है। स्पर्श गंगा के लिए भाजपा ने सेलिब्रिटी पर जो खर्च किया क्या वह इससे अलग है। गुजरात व अन्य सरकार भी सेलिब्रिटी पर खर्च करती हैं। यह उससे अलग और गलत कहां है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली को आपदा मद से पैसा देना बिल्कुल वाजिब है। सुरक्षित यात्रा का संदेश विज्ञापित करना उतना ही आवश्यक है जितना की पुनर्निर्माण। भाजपा का यह कदम निंदनीय है। यह राज्य के हित के विपरीत है और जो लोग आपदा के बाद सहयोग करने आए, उनका अपमान है। 
उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि भाजपा ने अभी तक आपदा पुनर्निर्माण के लिए विशेष आयोजनागत सहायता के लिए 330 करोड़ नहीं दिया है। इसी प्रकार पुनर्निर्माण के केंद्रीय पोषित योजनाओं के तहत स्वीकृत तीन हजार करोड़ रुपये में से भी केवल तीन सौ करोड़ रुपये ही मिले हैं। उन्होंने राज्य निर्वाचन को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया। 
हालांकि उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि चुनाव के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न लोगों को दी गई सुरक्षा हटाई गई, यहां तक कि सुरक्षा कर्मियों को मतदान केंद्र से बाहर रखा गया। वहीं, केंद्र की ओर से भाजपा प्रत्याशियों को मिली सुरक्षा और सुरक्षा कर्मियों को कैसे मतदान केंद्रों तक जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।