यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी में बड़े हमले की फिराक में था आतंकी फैजान
खुफिया अधिकारी के मुताबिक, हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के संपर्क में फैजान लंबे वक्त से था।

सहारनपुर (मनोज मिश्र)। एटीएस के बिछाए जाल से बचकर भाग निकले आतंकी फैजान के इरादे बहुत खतरनाक हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक वह हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहानवानी के नजदीकियों में रह चुका है। बुरहान की मौत का बदला लेने के इरादे से ही वह पश्चिम यूपी को दहलाने जैसा कुछ बड़ा प्लान बना रहा था, मगर पीछे पड़ी एटीएस की वजह से उसे यहां से भाग जाना पड़ा।
एटीएस ने उसे दबोचने के लिए जमीन आसमान एक कर रखा है। खुफिया अधिकारी के मुताबिक, हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के संपर्क में फैजान लंबे वक्त से था। उसने बुरहान वानी के साथ हथियार चलाना, बम तैयार करना भी सीख लिया था। बुरहान वानी की पहली बरसी पर वेस्ट यूपी को दहलाने के इरादे से फैजान तेजी से काम कर रहा था।
पिछले दो महीने में कई बार फैजान पश्चिम के कई जिलों में एक्टिव किए गए स्लीपर सेल से खुद मिलकर आया था। सभी को कुछ न कुछ टास्क दिया गया था। देवबंद में फैजान के कमरे की दीवारों पर जिस तरह की बातें लिखी हुई हैं, उसे पढ़ने के बाद एटीएस के साथ खुफिया एजेंसियों के भी होश उड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें: बाल कटवाए पार्लर में, फैला दी चोटी कटवा की अफवाह
किसी से मिलता-जुलता नहीं था: फैजान के कश्मीर में कई महीने रहने की बात भी सामने आ रही है। फैजान जहां रह रहा था, वहां के लोगों ने बताया कि वह किसी से ज्यादा मिलता-जुलता नहीं था। केवल मदरसे के ऐसे नौजवानों से बोल-चाल बढ़ाता था, जो कश्मीर या उसी क्षेत्र के होते थे। ऐसे में फैजान के बच निकल भागने से एटीएस टेंशन में है। हालांकि एटीएस की टीम कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही और उसकी तलाश में हर संभावित ठिकाने पर दबिश डाल रही है। उप्र से दूसरे राज्यों को निकलने वाले रास्तों पर भी एजेंसियों की निगाह है।
