यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मथुरा में सर्राफा लूट कांड सीसीटीवी में कैद, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लूट की घटना साफ-साफ दिखाई दे रही है, बदमाश अपने मुंह को हेलमेट और कपड़ों से ढके हुए थे।

मथुरा (जेएनएन)। मथुरा में जिस तरह से सर्राफा व्यापारी को भीड़ भाड़ वाले बाजार में अपराधियों ने गोली मारकर लूट को अंजाम दिया उससे पूरे इलाके में रोष व्याप्त है। लेकिन पुलिस के लिए थोड़ी राहत की खबर ये है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। बीच बाजार स्थित सर्राफा व्यापारी मयंक अग्रवाल की दुकान को लूटने करीब आधा दर्जन हथियारबंद लुटेरे पहुंचे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चार लोगों को गोली मार दी जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लूट की घटना साफ-साफ दिखाई दे रही है। बदमाश अपने मुंह को हेलमेट और कपड़ों से ढके हुए थे। बदमाश दुकान में शीशे का दरवाजा खोलते हुए दाखिल हुए। दुकान मालिकों ने बदमाशों को गेट पर रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। लुटेरों ने बड़े ही आराम से दुकान से सोना और नकदी अपने बैग और जेबों में भरा। सीसीटीवी कैमरे का टीवी उखाड़कर तोड़ डाला और लूट करके चले गए।
मृतकों में दुकान मालिक विकास अग्रवाल (30) तथा डैम्पीयर नगर निवासी मेघ अग्रवाल (34) शामिल हैं। विकास अग्रवाल के छोटे भाई मयंक अग्रवाल, दुकान के कारीगर अशोक साहू और महमूद अली का इलाज चल रहा है।
खास बात यह है कि यह घटना मथुरा के व्यस्त बाजार होली गेट से चंद कदमों की दूरी पर कोयला गली स्थित 'मयंक चेन्से' में हुई। होली गेट पर हमेशा पुलिस तैनात रहती है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। घटनास्थल पर पहुंचे आगरा रेंज के आईजी ने बताया कि यह घटना बहुत गंभीर है। लूट के साथ दो लोगों की हत्या पुलिस के सामने एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
यह भी पढ़ें: हमीरपुर में तमंचा रानी, प्रेमी को विवाह के मंडप से उठाया
उन्होंने बताया कि मामले को हल करने के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। बाजार के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हत्यारों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।