उत्तर प्रदेश का चुनाव तय करेगा देश की दिशा व दशा : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश की दिशा व दशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक ताकतों को रोकना हमारा मुख्य लक्ष्य है।

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मानना है कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश की दिशा तथा दशा को तय कर देगा। अखिलेश यादव ने आज लखनऊ के जनेशवर मिश्रा पार्क में समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समारोह को संबोधित किया। उन्होंने जनता से अच्छा फैसला करने का अनुरोध भी किया। इस समारोह को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साथ राम जेठमलानी तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी संबोधित किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश की दिशा व दशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक ताकतों को रोकना हमारा मुख्य लक्ष्य है।
पढ़ें- सपा के रजत जयंती समारोह में रखी जाएगी महागठबंधन की नींव
हमको एकजुट होकर इनको रोकना होगा। उन्होंने कहा कि हमको भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से हमारी सरकार बनेगी। हमने प्रदेश के हर कोने को विकास की रोशनी दिखाई है। जनता को तय करना है कि एक बार फिर हमको पूर्ण बहुमत की सरकार देकर विकास की इस गंगा को और आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि देश किस ओर जाएगा यूपी की जनता तय करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने लैपटॉप से नेताजी व हमारी तस्वीर को हटाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं हटा पाए। समाजवाद ने देश-दुनिया को तरक्की का रास्ता दिखाया है। समाजवादी सरकार दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ लौटे।
शिवपाल बाबू व अखिलेश में कुछ नहीं
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लाल प्रसाद यादव ने कहा कि काफी दिन से सुन रहा हूं कि शिवपाल सिंह यादव तथा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में तनातनी चल रही है। मुझे तो ऐसा कुछ भी नही लगा। शिवपाल बाबू तथा अखिलेश के संबंध बहुत मधुर हैं। सभी लोग मिलकर समाजवादी पार्टी को एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की सत्ता दिलाएंगे। हमारे समाज में कोई लड़ता नहीं है। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि पूरी शक्ति से सपा को विजय दिलाएंगे। उन्होंने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। लालू ने कहा कि देश की सीमा की क्या हालत। 56 इंच का सीना तथा कालाधन कहां गया। इस सरकार पर तो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला हो रहा है।
देखें तस्वीरें : सपा के सम्मेलन में जाते लालू प्रसाद यादव व अखिलेश यादव
देवेगौड़ा के साथ ही अजित ने माना मुलायम को नेता
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को अपना सर्वमान्य नेता माना है। आज देवेगौड़ा के साथ ही अजित सिंह लखनऊ में समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समरोह में अतिथि थे। चौधरी अजित सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल को खड़ा करने में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने काफी मेहनत की थी। मुझे लगता है उससे अधिक मेहनत इन्होंने समाजवादी पार्टी को इस मुकाम पर लाने में की है। अजित ने कहा कि देश तथा प्रदेश में अब गठबंधन बनाना बेहद जरूरी है। अब हमारी निगाह 2019 के लोकसभा चुनाव पर है, लेकिन हमको अभी भी एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में लाने से रोकना होगा। उन्होंने कहा कि देश में सरकार बदली है, अब मुलायम सिंह यादव ही एक बार फिर से अगुवाइ करें, जिससे कि हम लोग भाजपा को उत्तर प्रदेश में आने से वंचित कर दें।पढ़ें- सपा का रजत जयंती समारोह आज, युवा जोश व अनुभवी होश की होगी परख
देवेगौड़ा ने जमकर सराहा
पूर्व प्रधानमंत्री एसडी देवेगौड़ा ने अपने दस माह के कार्यकाल को पड़ोसियों के साथ देश का सर्वोत्तम समय बताया। समाजवादी पार्टी की स्थापना के रजत जयंती समारोह के मंच से आज देवेगौड़ा ने सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव को अपना सर्वमान्य नेता माना। देवेगौड़ा ने कहा कि मेरे प्रधानंमत्री तथा मुलायम सिंह यादव के रक्षामंत्री के कार्यकाल के दौरान देश की सीमा बेहद सुरक्षित थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान कश्मीर में कोई छुटपुट घटना भी नहीं हुई थी, और तो और कभी वहां पर धारा 144 तक नहीं लगी। देश के रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव थे और किसी भी सीमा पर कोई हरकत तक नहीं हुई थी। आज के दौर में एक बार फिर से विपक्षी एकता को मजबूत करने की बेहद जरूरत है।देवेगौड़ा ने कहा अगर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत रहेगी तो देश में विपक्षी एकता भी मजबूत होगी। हम लोग मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज सांप्रदायिक ताकतें लौह पुरुष सरदार पटेल के नाम पर सत्ता का सुख भोग रहे हैं जिन्होंने कई रियासतों का विलय कराया था। यह लोग देश बांटने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अब हम लोगों को मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में एक बार फिर प्लेटफार्म पर आकर 1997 में छूटी गाड़ी को एक बार फिर पकडऩा है।
भाजपा के बेईमान नेता भी जेल में हों
सभा को राज्यसभा सदस्य तथा वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैंने ही प्रधानमंत्री के नाम पर नरेंद्र मोदी के नाम की संस्तुति करवाई थी। उस समय मोदी ने कहा था कि देश का 90 लाख करोड़ ब्लैक मनी देश में वापस लाने का काम होगा। जेठमलानी ने कहा कि जब ऐसा नहीं हुआ तब मेरी मोदी से नाराजगी बढ़ गई। उन्होंने कहा कि स्विस बैंक ने 1400 लोगों का नाम सरकार को सौंपा है, लेकिन अभी तक एक के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अब मैं 94 वर्ष का एक बुजुर्ग व्यक्ति हूं, अब बस एक ही इच्छा है कि भाजपा के भी बेईमान नेताओं को जेल में देखना।
पढ़ें- बिहार की तरह यूपी में भी सफल होगा महागठबंधन का प्रयोग : देवगौड़ा
मुझे कभी की उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनना है : शिवपाल सिंह
समाजवादी पार्टी की स्थापना के रजत जयंती समारोह के मंच से आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ऐलान कर दिया कि उनको कभी भी उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनना है। जनेश्वर मिश्रा पार्क के मंच से आज उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करने के दौरान अपने मन की बात भी कह दी।
शिवपाल ने कहा कि बतौर मंत्री हमने अखिलेश का बहुत सहयोग किया। अभी भी हमारी क्षमता काफी बड़ी है। आप जितना त्याग चाहोगे उतना देंगे, खून भी देंगे। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री अखिलेश ने बहुत काम किया। हमने भी उनके साथ मंत्री के तौर पर काफी काम किया। इससे पहले भी तीन महीने के काम को खत्म करने में लोगों ने कई वर्ष लगा दिया। हमने प्रदेश के 25 सहकारी बैंक बंद होने से बचाया। शिवपाल ने कहा कि बंद हो रही बैंकों को मैंने शुरू कराया। अब वहां अच्छा काम हो रहा है। इस प्रदेश में 36 वर्ष से राजस्व संहिता लागू नहीं हो पा रही थी। प्रदेश के कई अधिकारियों ने काम में बहुत रोड़े अटकाए, इसके बाद भी हमने लागू करा दिया। मैंने अपने विभागों में बहुत काम किया। सिंचाई और राजस्व विभाग में बहुत काम किया।
शिवपाल ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गी चौधरी चरण सिंह नेताजी का बहुत मानते थे। इसकी कारण सब संघर्ष के साथी आज यहां पर एकत्र हैं। आज जनेश्वर मिश्रा पार्क में संघर्षों का जश्न मनाया जा रहा है। शिवपाल ने कहा कि लालू प्रसाद यादव साम्प्रदायिक शक्तियों से लड़ाई लड़ते हैं। हम लालू प्रसाद यादव का स्वागत करते हैं। लालू प्रसाद से हम लोगों का रिश्ता भी हो गया है। लालू यादव बड़े भाई की तरह है। शिवपाल ने इस दौरान चौधरी अजित सिंह का भी स्वागत किया। शिवपाल ने कहा कि शरद यादव ने इंदिरा गांधी के खिलाफ जोखिम भरा चुनाव लड़ा था। हम लोग शरद यादव को उस दौर में अमेठी में गुंडों से बचा कर लाए थे। शरद यादव के साथ पैदल यात्रा भी की है। नेताजी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री एसडी देवगौड़ा का हृदय की गहराईयों से स्वागत। देवगौड़ा ने सभी समाजवादियों को जोडऩे का काम किया,दक्षिण भारत से लेकर पूरे देश के समाजवादियों को जोड़ा। आज लोहिया और जनेश्वर जी को याद कर रहे हैं। देवगौड़ा का जीवन संघर्षों से भरा पड़ा है।
देश में 25 वर्ष समाजवादी इतिहास के पूरे कर रहे हैं। नेताजी के संघर्षों का परिणाम है कि हमारी उत्तर प्रदेश में तीन बार सरकार बनी थी। सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने कहा कि नेताजी की पूरा जीवन संघर्षो का इतिहास है। उनकी प्रेरणा से आज यहां 467 एकड़ में ऐतिहासिक जनेश्वर मिश्र पार्क बना है।
पढ़ें- हकीकत: जिन लोहिया के नाम पर सपा कर रही राज, उनके परिजन रोटी- रोटी को मोहताज
सपा के रजत जयंती समारोह में शिवपाल व अखिलेश में दिखी गर्मजोशी
समाजवादी पार्टी की स्थापना के रजत जयंती समारोह के मंच पर आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव बेहद गर्मजोशी से मिले। समारोह शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले जनेश्वर मिश्रा पार्क पहुंचे सीएम अखिलेश यादव ने काफी देर तक शिवपाल सिंह यादव के साथ मंच पर बातचीत की। मंच पर पहुंचने के साथ ही सीएम अखिलेश व शिवपाल सिंह में बेहद गर्मजोशी दिखी। अखिलेश के साथ शिवपाल ने एक दूसरे से मुस्कुरा कर बात की। आज मंच पर परिवर्तन के अखिलेश के कुछ सुझाव को शिवपाल ने शामिल किया। चाचा-भतीजा ने आज के कार्यक्रम की रूपरेखा पर बात की। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के आगमन के बाद ही कार्यक्रम गति पकड़ेगा। आज मुलायम सिंह यादव के साथ ही मंच पर जनता जनता परिवार के नेता भी होंगे। फिलहाल मंच पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, राज्यसभा सदस्य बेनी वर्मा व रेवती रमण सिंह के साथ कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय तथा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा भी मंच पर मौजूद है। इनके साथ ही कन्नौज से सांसद तथा सीएम की पत्नी डिंपल यादव, बदायूं से सांसद धर्मेन्द्र यादव ने भी मंच संभाल लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने होटल ताज जाकर लालू प्रसाद यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा व जनता दल यूनाईटेड के महासचिव शरद यादव से की मुलाकात की।
गेट पर धक्का-मुक्की
समाजवादी पार्टी के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज के इस कार्यक्रम में शुरू होने से पहले ही वहां अव्यस्था दिखने लगी। एक ही गेट होने के चलते धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद संयोजक गायत्री प्रसाद प्रजापति ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अनुशासनहीनता नहीं चलेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।