यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा शासन की अराजकता के खिलाफ समाजवादी आंदोलन की घोषणा
समाजवादी पार्टी ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार के विरुद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है। यह आंदोलन 29 मई को होगा।

लखनऊ(जेएनएन)। समाजवादी पार्टी ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार के विरुद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है। यह आंदोलन 29 मई को होगा। सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों को सौंपेंगे।
यह भी पढ़ें: तारीख के पलटते पन्नों में बिकराल होती सहारनपुर की हिंसा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से जिलाध्यक्षों को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि भाजपा के सत्तारूढ़ होने के बाद अराजकता का दौर शुरू हो गया है। भाजपा, आरएसएस व उसके अनुषंगिक संगठन बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू युवा वाहिनी जैसी संस्थाओं के लोगों ने कानून व्यवस्था हाथ में ले लिया है। जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। लूट, बलात्कार, अपहरण की वारदातें हो रही हैैं। जातीय व सांप्रदायिक उन्माद भी बढ़ा है। दलितों, कमजोर वर्ग के उत्पीडऩ से कानून व्यवस्था को गंभीर चुनौती मिल रही है। मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि सपा अध्यक्ष की हिदायत के अनुरूप कार्यकर्ता 29 मई को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर जंगलराज के खिलाफ हस्तक्षेप की मांग करेंगे। ज्ञापन में 20 मार्च के बाद की बड़ी अपराधिक घटनाओं को शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर कांड योगी सरकार के खिलाफ खनन माफिया की साजिश: प्राची
चौधरी का कहना है कि दो माह के अंदर सहारनपुर के सड़क दूधली, शब्बीरपुर, रामनगर में बड़ी घटनाएं हुईं। मथुरा में डकैती व हत्याकांड, ग्रेटर नोएडा जेवर क्षेत्र में चार महिलाओं के साथ दुष्कर्म और परिवार के एक सदस्य की हत्या हुई। वाराणसी में 10 करोड़ रूपये की डकैती पड़ी। गोरखपुर में हत्याएं हुईं। इलाहाबाद में सामूहिक दुष्कर्म जैसे कांड हुए है। राजधानी लखनऊ आइएएस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह से असफल साबित हुई है। जिसका पूरा ब्योरा राज्यपाल को भेजा जाएगा। चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रचंड बहुमत के सहारे समाज के कमजोर वर्ग को आतंकित करना चाहती है। कहा कि समाजवादी पार्टी की चिंता है कि समाज को जाति और संप्रदाय के नाम पर जिस तरह बांटा जा रहा है उस पर रोक न लगी तो राज्य विकास एवं प्रगति में बहुत पीछे चला जायेगा।
