यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले डीजीपी व मुख्य सचिव
राहुल भटनागर के साथ ही जावीद अहमद ने लखनऊ के वीवीआइपी गेस्ट हाउस में जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक की।

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कल शपथ लेने के बाद से योगी आदित्यनाथ एक्शन में हैं। कल मंत्रियों से 15 दिन में संपत्ति का ब्यौरा मांगने के बाद आज उन्होंने मुख्य सचिव राहुल भटनागर के साथ ही पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद को तलब कर लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निजी स्टाफ में पांच निजी व अपर निजी सचिवों की अस्थाई तौर पर तैनाती की गई।
राहुल भटनागर के साथ ही जावीद अहमद ने लखनऊ के वीवीआइपी गेस्ट हाउस में जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक की। आज पहले पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मुलाकात की।
इसके साथ ही सूबे के मुख्य सचिव राहुल भटनागर और गृह सचिव देवाशीष पांडा ने भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मुलाकात की। प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल को भी सीएम ने वीवीआइपी गेस्ट हाउस में तलब किया।
इनके बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दीपक सिंघल भी सीएम से भेंट करने पहुंचे। मुलाकात तथा बैठक का दौर समाप्त होने के बाद माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर जाएंगे। सीएम मनोनीत होने के बाद से शपथ लेने के बाद से अभी तक आदित्यनाथ योगी वीवीआइपी गेस्ट हाउस में ही हैं।
आज ही मुख्यमंत्री लोकभवन में दोपहर तीन बजे से प्रदेश शासन के सभी विभाग के सचिव तथा प्रमुख सचिव के साथ बैठक करने के बाद शाम पांच बजे राज्यपाल से भी भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री राज्यपाल राम नाईक से भेंट करने राजभवन जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निजी स्टाफ में पांच निजी व अपर निजी सचिवों की अस्थाई तौर पर तैनाती की गई। दीपक श्रीवास्तव, काशी नाथ, पवन कुमार वीर, अरविंद कुमार, सुरेश सिंह व राम सूरत सविता की तैनाती की गई। उत्तर प्रदेश का सीएम बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने अपने पांच निजी स्टाफ व एक अपर निजी सचिवों की अस्थाई तौर पर तैनाती कर दी है।
दीपक श्रीवास्तव
दीपक को तैनाती निजी स्टाफ के तौर पर सीएम हाउस में की गयी है, जो योगी के निजी कार्यक्रम पर पैनी नजर रखेंगे।
काशी नाथ
महराजगंज के पनियरा इलाके के परतावल बजार के रहने वाले 40 साल के काशी नाथ हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े हुए है। योगी के हर कार्यक्रम की रुप रेखा तैयार करते है। वहीं आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद काशी नाथ को निजी स्टाफ के तौर पर नियुक्त किया है।
सुरेश सिंह
सुरक्षा अधिकारी के तौर पर योगी आदित्यनाथ के साथ हर पल साये की तरह साथ रहने वाले गोरखपुर के रहने वाले सुरेश सिंह को योगी आदित्यनाथ ने अपने निजी स्टाफ के तौर पर शामिल किया है।
पवन कुमार वीर
पवन कुमार वीर भी योगी के साथ कई सालों से काम करने का अनुभव है, यहि वजह है कि योगी ने इन्हें निजी स्टाफ के तौर पर नियुक्त किया है।
अरविंद कुमार
बीजेपी से पांच बार के सांसद योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद अरविंद अब लखनऊ में योगी का काम संभालेंगे।
