यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदायूं के युवा ने फेसबुक पर लिखा 'आइ सपोर्ट पाकिस्तान', गिरफ्तार
आरोपी का कहना है कि उसका मोबाइल दुकान पर रखा रहता है, किसी शरारती तत्व ने यह गलत फोटो लगा दी होगी।

बदायूं (जेएनएन)। कस्बे में दुकान चला रहे चंदौसी के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने फेसबुक पर पाकिस्तानी झंडे के साथ 'आइ सपोर्ट पाकिस्तान' लिखा था। हिंदूवादी संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे देशद्रोह में जेल भेज दिया।
मोहल्ला पठानटोला में बबलू उर्फ रजा खान शीशे की दुकान चलाता है। वह मूल रूप से चन्दौसी के कुड़ फतेहगढ़ के गांव नगला पुरवा का रहने वाला है। बबलू का रजा खान के नाम से फेसबुक पर अकाउंट है। उसने 22 जुलाई को फेसबुक अकाउंट पर पाकिस्तानी झंडा लगाकर आइ सपोर्ट पाकिस्तान पोस्ट किया था। शिकायत पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर उस पर देशद्रोह की धारा 124ए के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उधर रजा खान का कहना है कि उसका मोबाइल दुकान पर रखा रहता है। किसी शरारती तत्व ने यह गलत फोटो लगा दी होगी।
यह भी पढ़ें: यूपी में बड़े हमले की फिराक में था आतंकी फैजान
सीओ बिसौली निर्मल कुमार बिष्ट ने बताया कि देशद्रोह कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी को राखी बांधेंगी वृंदावन की निराश्रित विधवाएं
