यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कैप्टन व जाखड़ बोले- गुरदासपुर से कांग्रेस का ग्राफ बढ़ने की शुरूआत, 2019 अब दूर नहीं
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ ने गुरदासपुर उपचुनाव में जीत को 2019 में कांग्रेस की विजय का संकेत ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़/गुरदासपुर। गुरदासपुर उपचुनाव में भारी जीत से उत्साहित पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ ने इसे देश की राजनीति के लिए नई दिशा करार दिया है। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर उपचुनाव के परिणाम से 2019 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की नींव पड़ी है। यह भाजपा की गलत नीतियों के प्रति जनता का असंतोष दर्शाता है। 2019 अब दूर नहीं है। यह राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस के ग्राफ के बढ़ने आर भाजपा के गिरने की शुरूआत है। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह ने उपचुनाव के नतीजे को राहुल गांधी को दिवाली का गिफ्ट बताया।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसे भाजपा और उसके सहयोगी शिरोमणि अकाली दल की नीतियों को जनता की अस्वीकृति बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ की बड़ी जीत से पता चलता है कि जनता के भ्रष्ट और अनैतिक भाजपा और शिअद के लोगों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि जनता ने राज्य में आम आदमी पार्टी के राजनीतिक विनाश को रेखांकित किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उपचुनाव में जीत के बाद सुनील जाखड़ को बधाई भी दी। दाेनों नेता चंडीगढ़ के पंजाब भवन में मिले।
यह भी पढ़ें: गुरदासपुर उपचुनाव में कांग्रेस की भारी जीत, सुनील जाखड़ 1.93 लाख मतों से जीते
कैप्टन ने कहा कि गुरदासपुर का परिणाम से पता चला है कि कांग्रेस पूरे देश में पुनरुद्धार के रास्ते पर है। पार्टी ने कई विश्वविद्यालय के छात्रों के संघ चुनाव और महाराष्ट्र सिविक चुनाव में जीत ने स्पष्ट संकेत दिए कि पार्टी की साख बढ़ रही है। गुरदासपुर के उपचुनाव में जीत से 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के विजय की नींव रखी जा चुकी है। 2019 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
कैप्टन ने जीत का सेहरा पार्टी विधायकों व कार्यकर्ताओं के सिर बांधा है। उन्होंने कहा कि यह मुख्य रूप से उनकी जीत है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ ही कांग्र्रेस की राष्ट्रीय राजनीति में वापसी शुरू हो गई है क्योंकि जीत केवल पंजाब में नहीं बल्कि केरल में भी हुई है।
कैप्टन ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि नोटबंदी और जीएसटी को लेकर लोगों में खासा गुस्सा था। इसके अलावा विधानसभा चुनाव के बाद भी अकाली दल के प्रति लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। गुरदासपुर उप चुनाव में कांग्रेस को सबसे बड़ी जीत ही अकाली दल के गढ़ों से मिली है। आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कैप्टन ने कहा कि आप मात्र 2.7 फीसद वोटों पर सिमट गई है।
कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस की जीत के साथ-साथ शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल और महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया की 100 फीसद हार हुई है। यह राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस का ग्राफ बढ़ने की शुरूआत और भाजपा के के गिरावट का दौर शुरू हो गया है।
उपचुनाव का नतीजा मोदी सरकार की नीतियों पर असंतोष : जाखड़
अपनी जीत से उत्साहित सुनील जाखड़ ने कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के प्रति लोगों का असंतोष दर्शाता है और लाेगों ने इससे कड़ा संदेश दिया है। यह नतीजा देश में आनेवाले चुनावों के परिणाम की झलक है। 2019 में राहुल के पीएम बनने की नींव गुरदासपुर से पड़ गई है।

गुरदासपुर उपचुनाव में जीत के बाद समर्थकों के साथ सुनील जाखड़।
उपचुनाव का परिणाम सामने अाने के बाद सुनील जाखड़ ने मीडिया से बातचीत मेंं कहा कि इस जीत का श्रेय कांग्रेस नेतृत्व और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को है। मेरा तो केवल बस नाम है, असली जीत तो कैप्टन अमरिंदर सिंह की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने भी कांग्रेस को वोट दिया।
उन्होंने कहा कि यही सिलसिला पूरे देश में शुरू होने वाला है। यह देश में कांग्रेस की जीत की शुरूआत है। पूरे देश में इसी तरह के नतीजे सामने आएंगे और यह राहुल गांधी को 2019 में देश का प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में कदम है। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर उपचुनाव का परिणाम केंद्र के मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के प्रति लोगों के असंतोष आैर नाराजगी को दर्शाता है। भाजपा को गलत आर्थिक नीतियों के कारण बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा की यह हार केंद्र की सरकार के लिए खतरे की घंटी है।
यह भी पढ़ें: कविता खन्ना ने कहा, गुरदासपुर में भाजपा का गढ़ टूटना दुखद
अपनी शानदार जीत से गद्गद् जाखड़ ने कहा कि जनता ने गुरदासपुर से 2019 लोकसभा चुनाव का संदेश दिया है। यह जीत कैप्टन अमरिंदर सिंह की लीडरशिप, कार्यकर्ताओं की मेहनत और हाइकमान की सोच की जीत है।
अब 20-20 खेलने की जरूरत
सुनील जाखड़ ने कहा कि चूंकि लोक सभा के आम चुनाव में 15 माह का समय रह गया है। अत: अब 50-50 नहीं बल्कि 20-20 खेलने की आवश्यकता है। गुरदासपुर के हरेक हलके की अलग-अलग समस्या है, लेकिन उनकी प्राथमिकता मुख्य रूप से शूगर मिल का विस्तार और गन्ना पिराई की क्षमता को बढ़ाने पर रहेगा।
यह जीत राहुल गांधी के लिए दिवाली का गिफ्ट : सिद्धू
सुनील जाखड़ की जीत से पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी खूब उत्साहित नजर अाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस के होनेवाले प्रधान राहुल गांधी को दिवाली पर गिफ्ट दिया है। पंजाब ने जाखड़ को भारी मतों से जिताकर सोनिया गांधी और प्रियंका को दिवाली का तोहफा दिया है।

गुरदासपुर उपचुनाव में जीत के बाद समर्थकों के बीच सुनील जाखड़ और नवजोत सिंह सिद्धू।
सिद्धू ने कहा कि जब कांग्रेस बेहतर स्थिति में थी तब सोनिया ने खुद सत्ता से दूर रहकर डॉ. मनमोहन सिंह को पीएम बनाया, लेकिन जब पार्टी में सत्ता से दूर है तो राहुल गांधी आगे आकर जिम्मेदारी उठा रहे हैं। यही उनकी विशेषता है कि ऐसे वक्त में वह बोझ खुद के ऊपर ले लेते हैैं। राहुल ने आगे आकर जीत के रूप में दीपक जलाया है। उन्होंने कहा, -हमने सोनियाजी, राहुलजी और प्रियंका जीे को लाल रिबन से पैक कर जीत का गिफ्ट भेज दिया है। पंजे के थप्पड़ की गूंज दूर तक सुनाई देगी।'
भाजपा प्रत्याशी सलारिया पर सिद्धू ने कहा कि सुनील जाखड़ से सलारिया की तुलना नहीं की जा सकती है। जाखड़ का कद सलारिया से बहुत ऊंचा है। उन्होंने इस दौरान अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर भी कड़े हमले किए। उन्हाेंने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत है। कांग्रेस की इस भारी जीत से पंजाब में भाजपा और अकाली दल की कमर टूट गई है।
