वापसी के साथ ही मुसीबत में फंसे हनी सिंह, सिंगर नेहा कक्कड़ भी लपेटे में, दर्ज हो सकती है FIR
रैप गायक हनी सिंह एक बार फिर विवाद में फंस गए हैं। उन पर अश्लील गीत गाने के आरोप में पंजाब महिला आयोग ने शिकंजा कसा है। विवाद में लपेटे में सिंगर नेहा कक्कड़ भी आ गई हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। मशहूर रैप गायक यो-यो बड़ी मुसबीत में पड़ते दिख रहे हैं। वह नए विवाद में फंस गए हैं और उन पर पंजाब महिला आयोग का शिकंजा कस गया है। म्यूजिक इंडस्ट्री में लंबे अर्से तक गायब रहने के बाद हनी सिंह ने अपने नए एलबम 'मक्खना' के साथ इंडस्ट्री में दोबारा एंट्री की थी। लेकिन, महिलाओं के लिए आपत्तिजनक व भद्दे शब्दावली के कारण यह गाना विवादों में घिर गया है। हनी सिंह के साथ गायिका नेहा कक्कड़ भी इस मामले में लपेटे में आ गई हैं। महिला आयोग की शिकायत के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज हो सकता है।
पंजाब महिला आयोग ने हनी सिंह के गाने मक्खना में महिलाओं के लिए गलत शब्दावली पर उठाया कदम
पंजाब महिला आयोग ने हनी सिंह, नेहा कक्कड़ और एलबम बनाने वाली म्यूजिक कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और एफआइआर दर्ज करने के लिए पंजाब पुलिस से सिफारिश की है। आयोग ने कहा है यो-यो हनी सिंह द्वारा नए गाने में महिलाओं के खिलाफ अश्लील व अशिष्ट बोल (शब्दावली) का इस्तेमाल किया गया है। आयोग ने इस संबंध में पंजाब के गृह सचिव व पुलिस काे पत्र लिखा है। मामले की जांच एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
नए गाने में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा पर एफआइआर दर्ज करने की सिफारिश
पंजाब महिला आयोग ने पूरे मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की प्रधान मनीषा गुलाटी ने यो-यो हनीसिंह के नए गीत को आपत्तिजन बताते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मनीषा गुलाटी ने इस सबंध में पंजाब के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और आइजी (क्राइम) को पत्र लिखा है। गुलाटी ने पत्र में हनी सिंह के खिलाफ समुचित कदम उठाने की सिफारिश की है।
मनीषा गुलाटी ने कहा, हमने पुलिस से गायक यो-यो हनी सिंह के खिलाफ उनके गाने में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के लिए एफआइआर दर्ज करने को कहा है। हनी सिंह के नए गाने 'मक्खना' में महिलाओं के लिए अशिष्ट व अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया है।'
यह भी पढ़ें: दस हजार रुपये में बन जाएंगे एक एकड़ जमीन के मालिक, सरकार लाने जा रही बिल
पंजाब महिला आयोग की प्रधान ने कहा कि इस तरह की हरकत को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। मनीषा गुलाटी ने कहा कि महिला आयोग ने पुलिस से पूरे मामले में 12 जुलाई तक स्टेट्स रिपोर्ट देने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दावली वाले इस गीत को पंजाब में प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
बता दें कि यू-ट्यूब पर 200 मिलियन बार देखे जा चुके इस गाने पर सवाल उठने और पंजाब महिला आयोग के कदम से रैपर हनी सिंह को तगड़ा झटका लगा है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की जांच एसपी रैंक के अधिकारी को सौंपी है। आयोग के दोनों सिंगर हनी सिंह व नेहा कक्कड़ और म्यूजिक कंपनी टी सीरीज के प्रबंध निदेशक भूषण कुमार के खिलाफ महिला आयोग एक्ट 2001 के तहत मामला दर्ज करके 12 जुलाई 2019 तक जवाब मांगा है।
पंजाब महिला आयोग की प्रधान मनीषा गुलाटी ने कहा कि पुलिस के उच्चाधिकारी दफ्तर पहुंचकर यह भी जानकारी दें कि इस मामले में उन्होंने क्या कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई इसलिए की गई ताकि भविष्य में कोई अन्य गायक या गीतकार, महिलाओं के प्रति ऐसे अभद्र गीत न बनाएं। केंद्र सरकार और सेंसर बोर्ड को भी गीतकारों पर रोक लगाने के लिए कुछ नियम निर्धारित करने चाहिए।
गौरतलब है कि अश्लीलता को लेकर हनी सिंह के गाने पहले भी सुर्खियों मेंं रहे हैं। 2012 में दिल्ली के सामूहिक दुष्कर्म कांड के बाद भी हनी सिंह के गानों में महिलाओं के खिलाफ हिंसात्मक टिप्पणियों को लेकर विवाद उठा था और वह निशाने पर आ गए थे। हनी सिंह के अलावा कुछ अन्य गायकों पर भी समय-समय पर विवादित गानों को लेकर आरोप लगते रहे हैं।
महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन बीबी लांडरां ने भी की गाने की निंदा
पंजाब महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन बीबी परमजीत कौर लांडरां ने भी हनी सिंह के गाने मक्खना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सिंगर गानों में महिलाओं को 'वस्तु' के तौर पर पेश कर रहे हैं। यह समाज के लिए काफी शर्मनाक बात है। ऐसे गानों के कारण ही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों पर बन रहे गाने भी माहौल खराब कर रहे हैं।