विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूएस की बड़ी जीत, यूएन ने उत्तर कोरिया पर लगाया कड़ा प्रतिबंध

By Bhupendra SinghEdited By:
Published: Sun, 06 Aug 2017 05:15 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 06 Aug 2017 11:37 AM (GMT+05:30)

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से उत्तर कोरिया पर कड़े प्रतिबंध लगाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

यूएस की बड़ी जीत, यूएन ने उत्तर कोरिया पर लगाया कड़ा प्रतिबंध
यूएस की बड़ी जीत, यूएन ने उत्तर कोरिया पर लगाया कड़ा प्रतिबंध

संयुक्त राष्ट्र, एएफपी। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से उत्तर कोरिया पर कड़े प्रतिबंध लगाने के अमेरिकी प्रस्ताव को शनिवार को मंजूरी दे दी। 15 सदस्यों वाली परिषद में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से उत्तर कोरिया के वार्षिक राजस्व में एक अरब डॉलर (करीब 65 अरब रुपये) की कटौती होगी। चीन के साथ करीब एक महीने की बातचीत के बाद अमेरिका ने इस प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया है। चीन उत्तर कोरिया का सबसे बड़ा व्यापार सहयोगी है। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार और मिसाइल विकास कार्यक्रम पर रोक लगाने के लिए अमेरिका उसके आर्थिक संसाधन सीमित कर रहा है।

 सुरक्षा परिषद ने भारतीय समयानुसार शनिवार देर रात अमेरिकी प्रस्ताव पर मतदान किया। इस प्रस्ताव के पारित होने से उत्तर कोरिया से कोयला, लौह अयस्क, इस्पात, लेड, मछली और अन्य सी-फूड लेने पर रोक लग जाएगी। इससे सीधे तौर पर उत्तर कोरिया को दूसरे देशों से मिलने वाली विदेशी मुद्रा कम होगी। यह विदेशी मुद्रा एक अरब डॉलर हो सकती है। पहले से ही संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध झेल रहे उत्तर कोरिया में विदेशी मुद्रा की यह कमी मुश्किलों को और बढ़ा देगी। अभी अपने निर्यात से उत्तर कोरिया को हर साल करीब तीन अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है। अमेरिकी राजनयिक ने भरोसा जताया था कि चीन और रूस प्रस्ताव के समर्थन में मतदान करेंगे।

 अमेरिका ने अपने यूरोपीय समर्थक देशों, जापान और दक्षिण कोरिया के समर्थन से इस प्रस्ताव को परिषद के समक्ष रखा। इन प्रतिबंधों का मसौदा चार जुलाई को उत्तर कोरिया द्वारा किए गए अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण के बाद तैयार किया गया था। लेकिन जब तक मसौदे ने अंतिम रूप लिया, तब तक 28 जुलाई को उत्तर कोरिया ने एक और बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण कर डाला।