यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूएस ने चीनी कंपनी पर उ. कोरिया को धन मुहैया कराने का आरोप लगाया
उत्तर कोरिया पर लगे प्रतिबंधों के कारण इस बैंक पर अमेरिकी अर्थव्यवस्था के तहत लेन-देन पर रोक लगी हुई है।

बीजिंग, एपी। अमेरिका ने एक चीनी कंपनी पर उत्तर कोरिया को गलत ढंग से धन उपलब्ध कराने का आरोप लगाया है। वाशिंगटन की कोर्ट में प्रशासन की ओर से इस धनराशि को जब्त करने की अर्जी दी गई है।
शिकायत के अनुसार चीन की कंपनी मिंगझेंग इंटरनेशनल ट्रेडिंग लिमिटेड ने उत्तर कोरिया के सरकार नियंत्रित फॉरेन ट्रेड बैंक में 1.9 मिलियन डॉलर (करीब 13 करोड़ रुपये) जमा कराए। उत्तर कोरिया पर लगे प्रतिबंधों के कारण इस बैंक पर अमेरिकी अर्थव्यवस्था के तहत लेन-देन पर रोक लगी हुई है। उत्तर कोरिया पर उसके परमाणु हथियार और मिसाइल विकास कार्यक्रमों के चलते संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आर्थिक प्रतिबंध लगा रखे हैं।
एक अन्य घटनाक्रम में अमेरिका के एंटी मिसाइल सिस्टम थाड की तैनाती को लेकर पैदा मतभेद के बीच चीन और दक्षिण कोरिया एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक की सालाना बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। यह बैठक दक्षिण कोरिया के जेजू द्वीप पर हो रही है। इस बैठक में भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली भी हिस्सा ले रहे हैं। उत्तर कोरिया के आक्रामक रवैये से कोरियाई प्रायद्वीप में पैदा हुए तनाव के बाद अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने थाड की तैनाती का फैसला किया है।