विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पहली मुलाकात में चीनी समकक्ष से ट्रंप ने बांधी दोस्ती की डोर

By Abhishek Pratap SinghEdited By:
Published: Fri, 07 Apr 2017 06:26 PM (IST)Updated: Fri, 07 Apr 2017 06:48 PM (IST)

अमेरिकी अधिकारियों का भी मानना है कि इन मसलों पर बातचीत से तत्काल कोई ठोस नतीजे नहीं मिलने वाले हैं।

पहली मुलाकात में चीनी समकक्ष से ट्रंप ने बांधी दोस्ती की डोर
पहली मुलाकात में चीनी समकक्ष से ट्रंप ने बांधी दोस्ती की डोर

पाम बीच, रायटर/प्रेट्र : फ्लोरिडा के मार-ए-लागो रिसॉर्ट में गुरुवार को हुई इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्नी मेलेनिया के साथ अपने चीनी समकक्ष शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का शाही स्वागत किया। दो आर्थिक महाशक्तियों के प्रमुखों ने पहली मुलाकात के दौरान विवादों को परे रखकर दोस्ती की नई शुरुआत की।

व्यापारिक असंतुलन, उत्तर कोरिया, दक्षिण चीन सागर, ताइवान को परे रखकर व्यापार और निवेश के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। पहले दौर की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, हमारी पहले ही लंबी वार्ता हो चुकी है। अभी तक कुछ हासिल नहीं हुआ है। लेकिन, हमारे बीच दोस्ती हो गई है जो लंबे समय तक चलेगी। शी ने भी मुलाकात की सौहा‌र्द्रपूर्ण शुरुआत करते हुए ट्रंप को चीन आने का निमंत्रण दिया।

शिन्हुआ के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस साल चीन की यात्रा पर आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में शी के हवाले से कहा गया है, अमेरिका और चीन के पास रिश्ते को बेहतर बनाने के हजारों कारण हैं। इसे खराब करने का कोई भी कारण नहीं है। दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यावार और निवेश के क्षेत्र में सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ सकते हैं।

दोनों नेताओं के बीच शुक्रवार को दूसरे दौर की वार्ता होनी है। इसमें विवादित मसलों पर चर्चा की उम्मीद है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों का भी मानना है कि इन मसलों पर बातचीत से तत्काल कोई ठोस नतीजे नहीं मिलने वाले हैं। इन मुलाकातों से दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत सबंध और एक अलग रिश्ते की शुरुआत की उम्मीद है।

यही कारण है कि मुलाकात के लिए ह्वाइट हाउस की बजाय ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित अपने रिसॉर्ट का चयन किया। गौरतलब है कि चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप चीन पर बेहद हमलावर रहे थे। उन्होंने चीन पर अमेरिकियों की नौकरी चुराने तक का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं शपथ लेने से पहले उन्होंने ताइवान की राष्ट्रपति से फोन पर सीधी बात कर सालों से चली आ रही कूटनीतिक परंपरा को तोड़ दिया था। इस पर भी चीन ने बेहद नाराजगी जताई थी।

..जब ओबामा पर बरसे थे

दो साल पहले जब शी अमेरिका की यात्रा पर आए थे तो उनका भव्य स्वागत करने के लिए ट्रंप ने अपने पूर्ववर्ती बराक ओबामा की तीखी आलोचना की थी। लेकिन, गुरुवार को चीन के प्रथम दंपती की मेजबानी करते वक्त उन्होंने खुद भव्यता का पूरा ध्यान रखा। सम्मान में भोज का आयोजन किया।

रिसॉर्ट में चीनी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी की अगवानी करते हुए कहा, चीन के राष्ट्रपति और उनकी बेहद प्रतिभाशाली पत्नी, जो चीन में बहुत बड़ी सिलेब्रिटी और एक महान गायिका हैं का यहां आना हमारे लिए सम्मान की बात है।

यह भी पढ़ें: सीरिया में किए गए मिसाइल हमले पर ज्‍यादातर यूएस सिनेटर्स ने किया ट्रंप का समर्थन

यह भी पढ़ें: सीरिया पर यूएस के मिसाइल दागने का असर, कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल