यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीरिया पर यूएस के मिसाइल दागने का असर, कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल
अमेरिका की ओर से सीरिया एयरबेस पर मिसाइल दागने क बाद दुनियाभर में तेल की कीमतों में आई तेजी

नई दिल्ली। अमेरिका की ओर से सीरिया के एयरबेस पर एक दर्जन से ज्यादा क्रूज मिसाइलें दागे जाने के बाद शुक्रवार को तेल की कीमतों में 2 फीसद तक का उछाल देखने को मिला है। हमले में अमेरिकी युद्धपोतों ने सीरियाई सरकार के एयरबेस में 50 से 60 टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को दागा। इस हमले के साथ ही तेल-समृद्ध और राजनीतिक रूप से अस्थिर मध्य पूर्व में अनिश्चितता का माहौल एक बार फिर से बन गया है।
क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप-
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया के हवाई ठिकानों पर क्रूज मिसाइल से किए जा रहे हमले को सीरिया के हित में करार दिया। मिसाइल हमले के आदेश जारी करने के बाद टीवी पर एक संदेश जारी करते हुए ट्रंप कहा, 'मैंने सीरिया में हवाई हमले का आदेश दिया है। बशर ने कई लोगों को मौत की नींद सुला दिया, जिसके चलते मुझे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सीरिया में हत्याओं को बंद करने के लिए दुनिया के सभी 'सभ्य देश' को एकजुट होना चाहिए।'
दुनियाभर में तेल कीमतों में आई तेजी
करीब 12.45 बजे ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.33 फीसद की बढ़त के साथ 55.62 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, अमेरिका के डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स 1.47 फीसद की बढ़त के साथ 52.46 डॉलर प्रति बैरल के सतर पर कारोबार कर रहा है।
भारतीय बाजार में तेल की कीमतें
भारतीय शेयर बाजार में एमसीएक्स पर कच्चा तेल 0.95 फीसद की बढ़त के साथ 3383 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का उच्चतम 3394 और निम्नतम 3364 का स्तर रहा है।
आपको बता दें कि सीरिया में रासायनिक हमले को लेकर अमेरिका और रूस आमने सामने आ गए थे जिसके बाद मुद्दा यूएन में भी उठा था। यूएन में अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने इसके लिए सीरिया की असद सरकार को जिम्मेवार बताया है तो रूस ने उसका बचाव किया है।
