यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मक्का मस्जिद पर हमले के लिए आए आतंकी ने खुद को उड़ाया
सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के दौरान ही हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इससे इमारत भी ध्वस्त हो गई।

रियाद, एपी : सऊदी अरब के सुरक्षा बलों ने शनिवार को मुस्लिमों की सबसे पवित्र मक्का मस्जिद पर हमले की साजिश को विफल कर दिया। मस्जिद की कुछ ही दूरी पर सुरक्षा बलों द्वारा घेरे जाने पर हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। साजिश की गंभीरता इससे और ज्यादा बढ़ जाती है क्योंकि रमजान के महीने में मस्जिद को निशाना बनाने की साजिश रची गई।
सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के अनुसार मस्जिद के नजदीक स्थित अजयाद अल-मसाफी में संदिग्ध के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके की तलाशी के दौरान तीन मंजिला एक इमारत से फायरिंग होने लगी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के दौरान ही हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इससे इमारत भी ध्वस्त हो गई।
इमारत के मलबे से सुरक्षा बलों के पांच जवान और छह विदेशी नागरिक घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों ने साजिश में शामिल होने के शक में एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इमारत में हुए धमाके से आसपास की इमारतों की दीवारों में भी दरारें आई हैं और उनमें लगे शीशे टूट गए हैं। कुछ वाहनों को भी नुकसान हुआ है।
गृह मंत्रालय के अनुसार निसंदेह यह आतंकी साजिश थी जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। साजिश के पीछे संगठन का नाम नहीं बताया गया है। वैसे सऊदी अरब कई वर्षो से अल कायदा के हमले झेल रहा है। छिटपुट घटनाएं इस्लामिक स्टेट (आइएस) के स्थानीय नेटवर्क ने भी अंजाम दी हैं।
मुहम्मद साहब की कब्रगाह वाली मक्का मस्जिद की पूरी दुनिया में मुस्लिमों के सबसे पवित्र स्थल के रूप में मान्यता है। हर साल लाखों लोग यहां पर हज और उमरा करने के लिए आते हैं। वैसे पूरे साल यहां पर जियारत करने के लिए आने वालों का सिलसिला जारी रहता है।
