यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केन्या में विद्रोहियों के हमले में 48 की मौत
केन्या के तटीय कस्बे मेकेटोनी में स्वचालित हथियारों से लैस दर्जनों सोमालियाई विद्रोहियों ने रविवार देर शाम हमला कर दिया। हमलावरों ने एक पुलिस थाने को ध्वस्त करने के अलावा दो होटलों में आग लगा दी और गलियों में गोलियां बरसाई। हमला स्थानीय समयानुसार रविवार रात आठ बजे के करीब उस वक्त हुआ, जब लोग टीवी

नैरोबी। केन्या के तटीय कस्बे मेकेटोनी में स्वचालित हथियारों से लैस दर्जनों सोमालियाई विद्रोहियों ने रविवार की देर शाम हमला कर दिया। हमलावरों ने एक पुलिस थाने को ध्वस्त करने के अलावा दो होटलों में आग लगा दी, और गलियों में गोलियां बरसाई।
हमला स्थानीय समयानुसार रविवार रात की आठ बजे के करीब उस वक्त हुआ, जब लोग टीवी पर फुटबॉल विश्व कप मैच का प्रसारण देखने में व्यस्त थे। विद्रोहियों को सुरक्षा बलों से हल्की टक्कर मिली, और सुबह तक गोलीबारी होती रही। अधिकारियों ने हमले के लिए अल कायदा से जुड़े सोमालियाई विद्रोहियों के संगठन अल-शबाब को जिम्मेदार ठहराया है। केन्या के पुलिस कमांडर डेविड किमाइयो ने 48 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
एक अन्य पुलिस कमांडर ने कहा कि हमले के वक्त निवासी ब्रीज व्यू होटल में विश्व कप मैच देख रहे थे। विद्रोहियों ने पुरुषों को एक तरफ कर दिया, और महिलाओं से उन्हें मरते हुए देखने का आदेश दिया। हमलावरों ने महिलाओं से कहा कि केन्या की सेनाएं सोमालिया में ऐसा ही करती हैं। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अधिकारियों का अनुमान है कि हमले में कई दर्जन विद्रोही शामिल थे। यह हमला पर्यटन केंद्र लामू से 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम स्थित मेकेटोनी में किया गया। इस हमले को केन्या के पर्यटन उद्योग को प्रभावित करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। यह कस्बा सोमालियाई सीमा से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर है, और नैरोबी से इसकी दूरी करीब 600 किलोमीटर है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान केन्या में भारी गोलीबारी और बम हमले देखने को मिले हैं। अल-शबाब संगठन ने सोमालिया में उपस्थित केन्याई सेना का बदला लेने के लिए आतंकी हमले करने की शपथ ली है।