यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाक तालिबान की विदेशियों को देश छोड़ने की धमकी
पाकिस्तानी तालिबान ने सोमवार को सभी अंतरराष्ट्रीय संगठनों और व्यक्तियों को धमकी दी है कि वे देश छोड़ दें या ...और पढ़ें

इस्लामाबाद। पाकिस्तानी तालिबान ने सोमवार को सभी अंतरराष्ट्रीय संगठनों और व्यक्तियों को धमकी दी है कि वे देश छोड़ दें या फिर हिंसा का सामना करें। इस बीच उत्तरी वजीरिस्तान में दूसरे दिन भी आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला जारी रहा जिसमें 27 आतंकी मारे गए।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के प्रवक्ता शाहीदुल्ला शाहीद ने कहा कि पाकिस्तान ने कबायली इलाके उत्तरी वजीरिस्तान के लोगों की अमन चैन की ख्वाहिश को दफन कर दिया है। उसने अपने पश्चिमी समर्थकों को खुश करने के लिए इलाके में सैन्य अभियान शुरू किया है। उन्होंने एक बयान में कहा, 'सभी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां, एयरलाइंस और निवेशक तत्काल पाकिस्तान के साथ सभी वाणिज्यिक संबंधों को निलंबित कर देश छोड़ दें, क्योंकि हम एक युद्धग्रस्त देश में हैं। अगर ऐसा नहीं किया तो किसी भी नुकसान के लिए वे खुद जिम्मेदार होंगे।' यह बयान अफगान सीमा पर विदेशी और स्थानीय आतंकियों के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के एक दिन बाद आया है। पाकिस्तान के अशांत उत्तरी पश्चिमी इलाके में रविवार को जंगी जहाजों से हुए हमले में कराची हवाईअड्डे पर हमले के उज्बेक साजिशकर्ता समेत 105 आतंकी मारे गए थे। इस इलाके में दूसरे दिन भी सैन्य अभियान चलाया गया। सेना ने एक बयान में बताया कि युद्धक विमान ने उत्तरी वजीरिस्तान के शावल सेक्टर में कुछ पाकिस्तानी आतंकियों और अलकायदा कमांडरों के छह ठिकानों को नष्ट कर दिया। इस हमले में 27 आतंकी मारे गए। यहां कोई आबादी नहीं थी।
दस हजार लोगों का पलायन
मिरनशाह (पाकिस्तान)। हिंसा बढ़ने की आशंका से पश्तून क्षेत्र के दो तिहाई परिवार अफगानिस्तान पलायन कर गए हैं। उन्होंने खोस्त प्रांत के गोर्बाज जिले में प्रवेश किया है। गोर्वाज के जिला प्रमुख मुहम्मद अकबर जादरान ने बताया कि करीब दस हजार लोगों ने जिले में प्रवेश किया है।
