यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शरीफ के बगीचे से अमरूद तोड़ने पर दो कांस्टेबल बर्खास्त
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के महलनुमा निवास पर तैनात दो कांस्टेबलों को उनके बगीचे से कथित तौर पर अमरूद ...और पढ़ें

लाहौर। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के महलनुमा निवास पर तैनात दो कांस्टेबलों को उनके बगीचे से कथित तौर पर अमरूद तोड़ने पर बर्खास्त कर दिया गया है।
लाहौर पुलिस सूत्रों ने बताया कि 'अपराध' करने पर आबिद व सैफुल्लाह की नौकरी चली गई। दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। दरअसल, लाहौर के बाहरी इलाके रायविंड में स्थित शरीफ के जाति उमरा आवास पर वहां के सुरक्षा प्रमुख ने दोनों कांस्टेबलों को अमरूद तोड़ते पकड़ा था। सुरक्षा प्रमुख ने उन्हें प्रताड़ित किया और उनके खिलाफ पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद उन्होंने दोनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया। हालांकि लाहौर पुलिस के प्रवक्ता ने अमरूद तोड़ने पर कांस्टेबलों को निकाले जाने से इन्कार किया है। इसके पहले भी शरीफ के आवास पर तैनात पुलिस कर्मियों को सजा मिल चुकी है।
साल के शुरू में शरीफ के आवास पर कुछ मोरों को बिल्लियों द्वारा मार दिए जाने के बाद वहां तैनात 27 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। रायविंड में शरीफ का फार्महाउस आवास चार सौ एकड़ में फैला है। उनके फार्महाउस व उस तरफ आने वाली सड़क पर दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।