विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शांति के चैंपियन बने सत्यार्थी और मलाला, मोदी ने दी बधाई

By Rajesh NiranjanEdited By:
Published: Wed, 10 Dec 2014 12:22 AM (IST)Updated: Thu, 11 Dec 2014 08:08 AM (IST)

शांति के नोबेल के भारत और पाकिस्तान के विजेताओं को बुधवार को ऑस्लो में शांति का चैंपियन करार दिया गया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

ऑस्लो। शांति के नोबेल के भारत और पाकिस्तान के विजेताओं को बुधवार को ऑस्लो में शांति का चैंपियन करार दिया गया। बाल अधिकारों के चितेरे भारत के कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई को संयुक्त रूप से शांति का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया। तीस सालों से बंधुआ बाल मजदूरों को मुक्त कराने को समर्पित सत्यार्थी ने नोबेल पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि मेरी जिंदगी का मकसद हर बच्चे को आजाद कराना है।

ऑस्लो सिटी हॉल में आयोजित समारोह में कैलाश सत्यार्थी ने अपने संबोधन की शुरूआत वैदिक मंत्र से की। हिंदी में दिए शुरुआती संबोधन के बाद उन्होंने अपना भाषण अंग्रेजी में जारी रखा। उन्होंने वहां मौजूद दर्शकों से कहा कि वह अपने अंदर के बच्चे को महसूस करें। किसी भी सभ्य समाज में बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं ये मानने को तैयार नहीं कि सभी मंदिरों, मस्जिदों, गिरिजाघरों और अन्य प्रार्थना सभाओं में बच्चों के सपनों के लिए कोई जगह नहीं। जिन बच्चों को मैंने बचाया है उनकी मुस्कानों में मुझे ईश्वर के दर्शन हुए हैं।

80 हजार बच्चे मुक्त कराये

अपने एनजीओ बचपन बचाओ आंदोलन के जरिए अब तक 80 हजार बच्चों को आजादी की नई जिंदगी दे चुके 60 वर्षीय सत्यार्थी का ये प्रयास कैलाश जितना ऊंचा है। अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के मुताबिक दुनिया भर में 16.8 करोड़ बाल श्रमिक हैं। माना जाता है कि भारत में बाल श्रमिकों का आंकड़ा 6 करोड़ के आसपास है। वहीं नोबेल जीतने वाली पाकिस्तान की 17 वर्षीय मलाला ये पुरस्कार जीतने वाली सबसे युवा हस्ती हैं। पाकिस्तान के अशांत क्षेत्र में मलाला बच्चों और खासकर लड़कियों की शिक्षा के लिए तालिबान की गोली तक का सामना कर चुकी हैं।

भारत-पाक साथ काम करें

इस अवसर पर मलाला ने कहा कि वह खुद को सम्मानित महसूस करती हैं कि उन्हें ये पुरस्कार लंबे अरसे से बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले चैंपियन कैलाश सत्यार्थी के साथ मिल रहा है। वह उतने समय से बच्चों के लिए दोगुने समय से काम कर रहे हैं जितनी की मेरी उम्र भी नहीं है। मलाला ने कहा कि बच्चों के अधिकारों के लिए भारत और पाकिस्तान मिलकर काम करें। बच्चों को हाथ में बंदूक देना आसान है, लेकिन किताब देना मुश्किल। मलाला बोलीं वह 6.6 करोड़ लड़कियों की आवाज हैं और वह उनके लिए स्कूल बनवाएंगी। यह पुरस्कार उनका नहीं बल्कि उन बच्चों का है जो शांति चाहते हैं।

मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्लो में वर्ष 2014 का नोबेल शांति पुरस्कार मिलने पर कैलाश सत्यार्थी और मलाला यूसुफजई को बधाई दी है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, के. सत्यार्थी को बधाई। सारा देश हर्षोल्लास और गौरव से ऑस्लो में उनके सम्मान समारोह को देख रहा है। उन्होंने ट्वीट कर मलाला यूसुफजई को भी इस उल्लेखनीय सम्मान के लिए बधाई दी।

दोनों एकजुटता के प्रतीक जिसकी दुनिया को जरूरत

नार्वे की नोबेल कमेटी के चेयरमैन थोरबजोर्न जेगलैंड ने पुरस्कार के पहले कहा कि सत्यार्थी और यूसुफजई निश्चित रूप से वे लोग हैं, जिन्हें अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी वसीयत में 'शांति के मसीहा' कहा है। उन्होंने कहा कि एक लड़की और एक बुजुर्ग व्यक्ति, एक पाकिस्तानी और दूसरा भारतीय, एक मुस्लिम और दूसरा हिंदू, दोनों उस गहरी एकजुटता के प्रतीक हैं, जिसकी दुनिया को जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिन दो लोगों को हम आज यहां सम्मानित करने के लिए खड़े हैं, वे उस सिद्धांत के मुताबिक रहते हैं जिसकी अभिव्यक्ति महात्मा गांधी ने की थी।

ख्रान परिवार का शांति राग

नोबेल पुरस्कार समारोह में प्रसिद्ध सरोद वादक अमजद अली खान और उनके दो बेटों अमान और अयान ने शांति के लिए विशेष राग की धुनों को छेड़ा। तीनों ने अहिंसा और शांति संदेश के साथ धुनें बजाईं। कार्यक्रम की शुरूआत नार्वे के शास्त्रीय पियानो वादक एडवर्ड ग्रेग और गायक हैंस एंडरसन ने की। पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान ने भी सूफी कलाम अल्लाह हू अल्लाह हू पेश किया।

बटी पुरस्कार राशि

कैलाश सत्यार्थी और मलाला यूसुफजई को नोबेल पुरस्कार में 11 लाख डॉलर (करीब 6 करोड़ 83 लाख रुपये) मिले हैं। यह धनराशि दोनों के बीच आधी-आधी की गई। यानी प्रत्येक को 5.5 लाख डॉलर (करीब 3 करोड़ 41 लाख रुपये) मिलें। दोनों हस्तियों को नोबेल पुरस्कार के रूप में विशेष रूप से तैयार किया स्वर्ण पदक मिला है। इसका वजन 175 ग्राम है।

शांति के नोबेल में अशांति

पुरस्कार प्रदान किए जाने से पूर्व समारोह में शांति के नोबेल के विजेताओं के समक्ष प्रदर्शनकारी मेक्सिको का झंडा दिखाने आ गया। उसके विरोध का कारण तो नहीं पता चला लेकिन कुछ देर की हलचल के बीच गले में कैमरा लटकाए और स्लेटी जैकेट व काली पैंट पहने एक अज्ञात व्यक्ति को नार्वे की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

नार्वे दूतावास में रहा हर्ष का माहौल

नई दिल्ली, जासं। नार्वे की राजधानी ओस्लो में जब कैलाश सत्यार्थी को नोबेल पुरस्कार प्रदान किया जा रहा था तो नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नार्वे दूतावास में भी हर्ष का माहौल था। नोबेल कार्यक्रम का प्रसारण होने के साथ पूरा हॉल बाल मजदूरी के खिलाफ विशेष गीत से गूंज रहा था। बचपन बचाओ आंदोलन से जुड़े बच्चों ने यह गीत प्रस्तुत किया। सुरक्षा कारणों से दूतावास के अंदर उन्हीं लोगों को जाने दिया जा रहा था, जिन्हें कार्ड जारी किया गया था।

कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय खनन व इस्पात मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सत्यार्थी ने देश का मान बढ़ाया है और पूरे देश को उन पर गर्व है। आज पूरी दुनिया में बच्चों को सुरक्षित वातारण देने की जरूरत है। नार्वे के भारत में राजदूत आइवेंड एस. होमे ने सत्यार्थी को 'भारत का पुत्र' करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्यार्थी ने सामाजिक मुद्दों पर गंभीर रहने वाली संस्थाओं का जोरदार प्रतिनिधित्व किया है।

नोबेल विजेता सत्यार्थी ने ब्रिटेन में शुरू किया अभियान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।