यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देखी गईं सूर्य की उच्च तीव्रता वाली लपटें, पृथ्वी पर पड़ा ये असर
ये सौर लपटें पृथ्वी पर संचार, जीपीएस और पावर ग्रिड बाधित कर सकती हैं।

वाशिंगटन, एएफपी। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने गुरुवार को दो उच्च तीव्रता वाली सौर लपटों की तस्वीरें कैद की हैं। इनमें दूसरी दिसंबर 2008 के बाद शुरू हुए सूर्य चक्र की सबसे तेज अर्थात चमकीली किरण थी।
मालूम हो कि ये सौर लपटें पृथ्वी पर संचार, जीपीएस और पावर ग्रिड बाधित कर सकती हैं। इनकी जानकारी सबसे पहले अमेरिकी स्पेस एजेंसी के सोलर डायनेमिक्स ऑब्जर्वेटरी के वैज्ञानिकों को हुई और उन्होंने इनकी तस्वीरें लीं। अंतरिक्ष मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने इन लपटों को एक्स श्रेणी में रखा। केंद्र ने कहा कि इस विस्फोट के कारण सूर्य की दिशा वाले पृथ्वी के हिस्से में करीब एक घंटे तक रेडियो संचार बाधित हुआ।
ये दोनों विस्फोट सूर्य के सक्रिय क्षेत्र में हुए हैं जहां चार सितंबर को एक औसत विस्फोट भी हुआ था। मालूम हो कि सूर्य का एक चक्र औसतन 11 वर्ष का होता है। किसी चक्र के सक्रिय चरण के बाद इतने तीव्र विस्फोट कम होते हैं। वैसे संख्या में कम होने के बावजूद कई बार ये अधिक शक्तिशाली और तीव्र भी हो सकते हैं। ये सौर लपटें जमा चुंबकीय ऊर्जा के कारण पैदा होती हैं।
