विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कैरी इराक पहुंचे, चरमपंथियों का एक और शहर व हवाईअड्डे पर कब्जा

By Edited By:
Published: Mon, 23 Jun 2014 10:57 AM (IST)Updated: Mon, 23 Jun 2014 10:51 PM (IST)

इराक पर विद्रोहियों की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। सोमवार को विद्रोहियों ने महत्वपूर्ण रणनीतिक शिया बहुल शहर तल अफर और उसके हवाईअड्डे पर कब्जा कर लिया। इस बीच स्थिरता लाने के प्रयास के तहत अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी बगदाद पहुंचे हैं।

News Article Hero Image

बगदाद। इराक पर विद्रोहियों की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। सोमवार को विद्रोहियों ने महत्वपूर्ण रणनीतिक शिया बहुल शहर तल अफर और उसके हवाईअड्डे पर कब्जा कर लिया। इस बीच स्थिरता लाने के प्रयास के तहत अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी बगदाद पहुंचे हैं।

जॉर्डन से इराक पहुंचे केरी ने प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी से मुलाकात की। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने केरी के इस दौरे को सुरक्षा कारणों से गोपनीय रखने का प्रयास किया था। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा कि आइएसआइएस से बगदाद के संघर्ष के बीच केरी इराक को सहयोग के लिए उठाए जा रहे अमेरिकी कदमों के बारे में चर्चा करेंगे। वह इराक में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए इराकी नेताओं से भी बात करेंगे।

कमजोर साबित हो रहे इराकी बल

इराकी सुरक्षा बल चरमपंथियों के सामने लगातार कमजोर साबित हो रहे हैं। विद्रोही पांच प्रांतों के बड़े हिस्से पर कब्जा कर चुके हैं। मलिकी के सुरक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल कसेम अत्ता ने बताया कि 9 जून से शुरू हुए विद्रोहियों के हमलों में सैकड़ों सैनिक मारे जा चुके हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि तल अफर और इसके हवाई अड्डे पर विद्रोहियों का पूरी तरह से कब्जा हो चुका है। तल अफर पर कब्जे को लेकर एक हफ्ते से सेना और विद्रोहियों के बीच जंग चल रही थी। शहर के बड़े हिस्से पर पहले ही विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया था। अत्ता ने हालांकि कहा कि सेना तल अफर में अब भी लड़ रही है, लेकिन साथ ही उन्होंने जोड़ा कि अगर हम वहां से पीछे हटते हैं तो इसका अर्थ यह नहीं है कि हम हार गए।

हमले में 69 कैदियों की मौत

हिल्ला (इराक)। कैदियों को बगदाद के एक क्षेत्र में ले जा रही एक बख्तरबंद गाड़ी पर हुए विद्रोहियों के हमले में 69 कैदियों के मारे जाने की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि हमले के दौरान हुई झड़प में एक पुलिसकर्मी और आठ बंदूकधारियों की भी मौत हो गई। हमला बाबिल प्रांत के हशिमिया क्षेत्र में हुआ। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कैदियों की मौत कैसे हुई।

कुवैत ने वापस बुलाए राजनयिक

दुबई। कुवैत ने सुरक्षा कारणों से इराक से अपने राजदूत को वापस बुला लिया है। कुवैत के विदेश उपमंत्री खालेद अल-जराला ने कहा, 'हमने अपने राजदूत और राजनयिकों को हफ्ते भर पहले ही वहां से निकलने के लिए कह दिया था। यह कदम इराक में सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए उठाया गया है। जब हमें लगेगा कि स्थिति सामान्य हो चुकी है तो उन्हें फिर वहां भेज दिया जाएगा।'

पढ़ें: भारत में भी दिखने लगा इराक का असर, 40 लाख के पैकेज का ऑफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।