यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत में भी दिखने लगा इराक का असर, 40 लाख के पैकेज का ऑफर
इराक में छिड़ी जंग में शामिल होने को भारत के शिया समुदाय की ओर से भी मुहिम छेड़ दी गई है। आल इंडिया शिया हुसैनी फंड की तरफ से शहादत के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। इसके लिए युवाओं को 40 लाख तक के पैकेज की बात कही गई है। जोन के

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद। इराक में छिड़ी जंग में शामिल होने को भारत के शिया समुदाय की ओर से भी मुहिम छेड़ दी गई है। आल इंडिया शिया हुसैनी फंड की तरफ से शहादत के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। इसके लिए युवाओं को 40 लाख तक के पैकेज की बात कही गई है। जोन के 8 जिलों में ऐसी गतिविधि मिलने पर पुलिस और एलआइयू की नजर है।
एलआइयू रिपोर्ट से पता चला कि इलाहाबाद, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, हमीरपुर, बांदा समेत अन्य जिलों में शहादत के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, पर आंतरिक सुरक्षा को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। पुलिस टीम दोनों वर्गो की गतिविधियों पर नजर रखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखने पर जोर दे रही है। रिपोर्ट के अनुसार हास्टलों और मुस्लिम युवाओं को फॉर्म बांटे जा रहे हैं तो बुजुर्गो को बहकाया जा रहा है।
हालांकि पुलिस का दावा है कि इलाहाबाद के लोग गंगा-जमुनी तहजीब को जिस तरह निभाते आएं हैं उसे आगे भी जारी रखेंगे और किसी अफवाह को अपने ऊपर हावी नहीं होने देंगे। आल इंडिया शिया हुसैनी फंड लखनऊ की तरफ से भरवाए जा रहे फॉर्म के तहत 4000 रुपये में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद वीजा व टिकट मुफ्त दिए जाने का प्रलोभन दिया जा रहा है। फॉर्म भरने वाले युवाओं को 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा और 30 साल से अधिक उम्र वालों की भर्ती नहीं होगी। किशोरों के लिए पैकेज 40 से 60 लाख है तो भर्ती सीमा 15 साल से शुरू है। इलाहाबाद एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार शासन की ओर से मिले निर्देश के तहत अलर्ट जारी किया गया है।
इराक में कुचली जा रही इंसानियत
मौलाना तहजीबुल हसन खौफजदा हैं पर उन्हें यह सुकून है कि वह परिजनों के साथ वापस मुल्क लौट आए हैं। इराक में हो रहे खूनखराबा को वे इंसानियत पर धब्बा बताते हैं। मौलाना हसन ने इराक की स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि वहां के हालत बद से बदतर हो चुके हैं।