यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की अगली राष्ट्रपति बन सकती हैं कमला हैरिस
कैलिफोर्निया से पहली बार अश्वेत सीनेटर के तौर पर चुनी गईं कमला हैरिस की मां चेन्नई की हैं जबकि पिता जमैका से हैं।

वाशिंगटन,पीटीआई। कैलिफोर्निया की एटार्नी जनरल कमला हैरिस में अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बनने की काबीलियत है। कैलिफोर्निया सीट से जीत दर्ज करने वाली भारतीय मूल की अमेरिकी कमला हैरिस के इंटरव्यू के बाद कैलिफोर्निया की एक प्रतिष्ठित पत्रिका ने ये बात कही है।
कैलिफोर्निया से पहली बार अश्वेत सीनेटर के तौर पर चुनी गईं कमला हैरिस की मां चेन्नई की हैं जबकि पिता जमैका से हैं। जीतने के तुरंत बाद कमला हैरिस ने नवनिर्वाचित अमेरिका के भावी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अप्रवासी नीतियों और बड़े पैमाने पर निर्वासन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच हफिंगटन पोस्ट ने कमला हैरिस की तारीफ करते हुए कहा है ‘मिलिए कमला हैरिस से जो अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बन सकती हैं।‘
हफिंगटन पोस्ट की खबर के मुताबिक सीनेट का चुनाव जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया है, इसके अलावा कैलिफोर्निया की अटार्नी जनरल रहते हुए उनका रिकार्ड बहुत ही शानदार है। आर्टिकल के मुताबिक अगर पार्टी उनका समर्थन करें तो वो 2020 में अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति बन सकती हैं।
