यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिकी संसद में इतिहास बनाने की कगार पर भारतीय
यदि ऐसा हुआ तो यह पहला मौका होगा जब अमेरिकी कांग्रेस में एक से ज्यादा भारतीय मूल के सदस्य होंगे।

वाशिंगटन, प्रेट्र । अमेरिका में महज एक फीसद आबादी भारतीय मूल के लोगों की है। इसके बावजूद यह समुदाय संसद चुनाव में इतिहास बनाने की कगार है। बुधवार को आने वाले नतीजों में समुदाय के कई उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है। यदि ऐसा हुआ तो यह पहला मौका होगा जब अमेरिकी कांग्रेस में एक से ज्यादा भारतीय मूल के सदस्य होंगे।
स्थानीय चुनावों और राजनीतिक पंडितों पर भरोसा किया जाए तो अमेरिकी सीनेट में पहली बार भारतीय मूल की महिला प्रतिनिधि भी होंगी। ये हैं दो बार कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल रहीं कमला हैरिस। सिएटल से प्रमिला जयपाल के भी प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित होने की पूरी उम्मीद है। प्रतिनिधि सभा भारत के लोकसभा जैसा है।
51 साल की इन दोनों महिलाओं का चेन्नई से संबंध है और संसद में पहुंचने का पहला प्रयास। कमला की मां चेन्नई की हैं तो प्रमिला पैदा ही चेन्नई में हुई हैं। प्रमिला प्रगतिशील एजेंडे के साथ मैदान में हैं और सीनेटर बर्नी सैंडर्स का समर्थन उन्हें हासिल है। कमला के समर्थन में राष्ट्रपति बराक ओबामा भी वीडियो जारी कर चुके हैं।
एक अन्य भारतवंशी राजा कृष्णमूर्ति (42) को भी ओबामा का समर्थन हासिल है। शिकागो उपनगरीय इलाके से प्रतिनिधि सभा में प्रवेश का प्रयास कर रहे राजा 1973 में दिल्ली में पैदा हुआ थे। उनके माता-पिता तमिलनाडु से हैं। राजा जब केवल तीन महीने के थे तभी उनके माता-पिता अमेरिका आकर बस गए थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वे उस सीट से मैदान में हैं जो डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित है। ऐसे में कोई चमत्कार ही उनकी जीत रोक सकती है।
ये भी जीत की राह पर
-मौजूदा कांग्रेस में एकमात्र भारतीय-अमेरिकी एमी बेरा तीसरे कार्यकाल के लिए चुनावी मैदान में हैं। ओबामा का समर्थन मिलने के बाद मुश्किल मुकाबले में फंसे बेरा की जीत की संभावना बढ़ गई है।
-कैलिफोर्निया की एक सीट से रोहित रो खन्ना भी चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला माइक होंडा से हैं। सर्वेक्षणों में खन्ना के जीतने की संभावना बताई गई है।
-न्यूजर्सी से युवा पीटर जैकब मैदान में हैं। उनके माता-पिता केरल से हैं। 30 साल के जैकब के अभियान को बर्नी सैंडर्स का समर्थन हासिल है।
-मिशिगन से डॉक्टर अनिल कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। हिलेरी का जादू चलने पर मुंबई में पैदा हुए कुमार की जीत तय मानी जा रही है।
-प्रांतीय सदन के लिए भी कई भारतीय मैदान में हैं। इनमें से कैलिफोर्निया में एश कालरा, पेंसिल्वेनिया में नील मखीजा, नॉर्थ केरोलिना में जय चौधरी, ओहायो से नीरज अंटानी और कनेक्टिकट से प्रसाद श्रीनिवासन के जीतने की संभावना है।
