यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जमात-उद-दावा भूकंप पीड़ितों के नाम जुटा रहा चंदा
लाहौर। प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) पाकिस्तान के भूकंप पीड़ितों को राहत देने के नाम पर ...और पढ़ें

लाहौर। प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) पाकिस्तान के भूकंप पीड़ितों को राहत देने के नाम पर चंदा जुटाने में व्यस्त है। विश्व समुदाय इस प्रयास में है कि उसे पैसा नहीं मिले, इसके बावजूद वह ऐसा कर रहा है। एक दिन पहले ही भारत और अमेरिका ने उसके वित्तीय तंत्र को संयुक्त रूप से निशाना बनाने के लिए समझौता किया है।
पढ़ें: जेयूडी को करोड़ों देने को सरकार ने ठहराया जायज
जेयूडी प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद वर्ष 2008 में हुए मुंबई हमला मामले में मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर अभियुक्त है। उसने देश भर में पैसा उगाही के लिए कैंप लगा रखे हैं। पंजाब प्रांत में उसके सर्वाधिक समर्थक हैं, वहां उसके काफी कैंप हैं। सईद ने रविवार को घोषणा की है कि उसका संगठन बलूचिस्तान के भूकंप प्रभावित इलाकों में दो हजार घर बनाएगा। इसके लिए उसने लोगों से उदारता से दान देने की अपील की है। पिछले माह आए भूकंप में पाकिस्तान में लगभग पांच सौ लोगों की जान गई थी। जमात अपने एक और मुखौटा संगठन फलाह-ए- इंसानियत फाउंडेशन के नाम से धन जुटा रहा है। मुंबई हमलों के बाद जब पाकिस्तानी प्रशासन ने जमात पर प्रतिबंध लगाए तो उसने इस फाउंडेशन की स्थापना कर ली। इस फाउंडेशन ने ईद-उल-अजहा के मौके पर कुर्बान किए गए जानवरों की खाल एकत्र करने के लिए भी देश भर में शिविर लगा रखे हैं। विशेषज्ञों का आकलन है कि जेयूडी हर साल करोड़ों रुपये इन खालों को चमड़ा बनाने के कारखानों को बेचकर अर्जित करता है। सईद अक्सर पंजाब के जिलों में जनसभाएं आयोजित करता है और कश्मीर के नाम पर लोगों से दान देने की अपील करता है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी मुंबई हमले के बाद जेयूडी को लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन करार दिया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर