यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश, क्या निक्सन की तरह देंगे इस्तीफा
डोनाल्ड ट्रंप पर राष्ट्रपति चुनाव में रूसी दखल की जांच में बाधा पहुंचाने का आरोप है। डेमोक्रेटिक सांसद ने सदन में महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया है।

नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। अमेरिका में पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने जीत दर्ज की। हालांकि उनसे हारने वाली हिलेरी क्लिंटन को जीत का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। डोनाल्ड ट्रंप की जीत की खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी, क्योंकि जीत के साथ ही उनको जिताने के लिए राष्ट्रपति चुनाव में रूसी दखल की बातें मीडिया की सुर्खियां बनने लगीं। अब इस मामले में ट्रंप की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक विपक्षी डेमोक्रेटिक सांसद ने इस मामले की जांच में बाधा पहुंचाने के आरोप में ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव सदन में पेश किया है। गौरतलब है कि ट्रंप ने 20 जनवरी को अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी।
व्हाइट हाउस ने बताया हास्यास्पद
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ यह प्रस्ताव कैलिफोर्निया से डेमोक्रेटिक सांसद ब्रैड शेरमन लेकर लाए हैं। इसमें उन्होंने ट्रंप पर खराब आचरण और संघीय जांच में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस प्रस्ताव पर डेमोक्रेट अल ग्रीन के भी हस्ताक्षर हैं। यह दूसरी बार है जब किसी अमेरिकी सांसद ने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है। इससे पहले 1973 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव सदन में लाया गया था, जिसके बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस प्रस्ताव पर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने कहा, ‘मेरे ख्याल से यह पूरी तरह हास्यास्पद और राजनीतिक खेल है।’
यह भी पढ़ें: रुढ़ियों की बेड़ियां तोड़ीं और हिम्मत व जिद ने दिखा दी तरक्की की राह
शेरमन ने सदन में प्रस्ताव लाने के बाद कहा कि ‘ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के हालिया रहस्योद्घाटनों से यह संकेत मिलता है कि ट्रंप का प्रचार अभियान रूस की मदद लेने को आतुर था। अब लगता है कि राष्ट्रपति ने पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ्लिन और रूसी जांच मामले में बाधा डालने का प्रयास कर कुछ छिपाने की कोशिश की थी। मेरा मानना है कि एफबीआइ निदेशक जेम्स कोमी से पहले बातचीत और फिर उनकी बर्खास्तगी से न्याय प्रक्रिया में बाधा डाली गई।’
कोमी को हटाना पड़ा ट्रंप को भारी
डोनाल्ड ट्रंप और रूस के संबंधों व राष्ट्रपति चुनाव में रूस की भूमिका की जांच तत्कालीन एफबीआई निदेशक जेम्स कोमी कर रहे थे। जेम्स कोमी को उनके पद से हटाए जाने पर व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया कि उन्हें एटॉर्नी जनरल जेफ सेशन्स की सिफारिश पर हटाया गया है। खुद ट्रंप ने एक चिट्ठी लिखकर जेम्स कोमी से कहा कि वह प्रभावी तरीके से एफबीआई की अगुवाई नहीं कर रहे हैं। कोमी को हटाए जाने से पहले एक खबर आयी थी कि उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस को हिलेरी क्लिंटन के ईमेल्स के बारे में गलत जानकारी दी थी। बता दें कि खुद हिलेरी क्लिंटन भी राष्ट्रपति चुनाव में अपनी हार के लिए जेम्स कोमी को जिम्मेदार ठहरा चुकी हैं।
पार्टी के भीतर भी ट्रंप के खिलाफ माहौल
एफबीआई के पूर्व निदेशक जेम्स कोमी को उनके पद से हटाए जाने के बाद कुछ दस्तावेज सामने आए, जिनसे पता चला कि ट्रंप ने कोमी से तत्कालीन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल फ्लिन के खिलाफ जांच बंद करने को कहा था। ज्ञात हो कि फ्लिन रूसी अफसरों से संबंधों को लेकर जांच के घेरे में थे और उन्हें अपने पद से इस्तीफा तक देना पड़ा था। पिछले दिनों आयी खबरों के मुताबिक रिब्लिकन नेता जस्टिन अमैश भी कहते हैं कि अगर यह रिपोर्ट सही पाई कि ट्रंप ने कोमी पर दबाव डाला था तो उन पर महाभियोग चल सकता है। रिब्लिकन सीनेटर जॉन मैक्केन भी ट्रंप के खिलाफ दिखाई दे रहे हैं। रिपब्लिकन सीनेटर कोलिंस ने गोपनीय सूचना लीक होने को परेशानी का सबब माना है।
रूस ने की थी हैकिंग
पिछले दिनों डोनाल्ड ट्रंप ने माना था कि हो सकता है अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अन्य देशों ने हस्तक्षेप किया हो। उन्होंने कहा था कि इस काम में रूस और अन्य देशों का भी हाथ हो सकता है। डोनाल्ड ट्रंप का बिजनेस दुनिया के कई देशों में फैला हुआ है। उनके रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी अच्छे संबंध रहे हैं। इसी के चलते आरोप है कि रूस ने अपने पसंदीदा उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव में जीत दिलाने के लिए भरपूर मदद की। पुतिन और हिलेरी क्लिंटन के खराब रिश्तों के कारण भी इस आशंका को बल मिला। ट्रंप की टीम पर आरोप है कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान वह रूस के संपर्क में बने हुए थे। हालांकि रूस और डोनाल्ड ट्रंप दोनों ही इस तरह के आरोपों को कई बार खारिज कर चुके हैं।
ट्रंप के बेटे और दामाद ने की थी रूसी वकील से मुलाकात
बता दें कि पिछले साल ट्रंप के रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के कुछ दिनों बाद ही उनके बड़े बेटे और दामाद ने एक रूसी वकील से मुलाकात की थी। उनके साथ ट्रंप के चुनाव प्रभारी पॉल मैनफोर्ट भी मौजूद थे। वहीं कोमी ने पिछले महीने कांग्रेस समिति को बताया था कि ट्रंप ने फ्लिन के साथ रूस के संबंधों की जांच बंद करने को कहा था।
मुश्किल है प्रस्ताव का पारित होना
रिपब्लिकन के बहुमत वाले कांग्रेस के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में महाभियोग प्रस्ताव के पारित होने की संभावना कम ही है। प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए इसे बहुमत से पास किया जाना जरूरी है। 435 सदस्यीय सदन में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के 240 और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के 194 सदस्य हैं। ट्रंप की पार्टी के सांसद इस प्रस्ताव के समर्थन में शायद ही वोट दें।
वाटरगेट में जा चुकी है पूर्व राष्ट्रपति निक्सन की कुर्सी
साल 1973 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने वाटरगेट की निष्पक्ष जांच कर रहे आर्किबाल्ड कोक्स को हटा दिया था, इसके बाद उनके खिलाफ कांग्रेस में महाभियोग का प्रस्ताव लाया गया था। इस क्रम में निक्सन को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने पड़ा था। जिस तरह से निक्सन वाटरगेट कांड में फंसे थे उसी तरह से ट्रंप भी हैकिंग मामले में बुरी तरह से फंसे हैं।