यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोसुल में उत्तरी हिस्से में पहुंची इराकी सेना
इराक के आतंकवाद विरोधी प्रवक्ता ने बताया कि सेना दजला नदी के पास तक पहुंच चुकी है।

मोसुल, रायटर। इराकी सेना मोसुल में कदम रखने के करीब तक पहुंच चुकी है। शहर से इस्लामिक स्टेट के आतंकियों को खदेड़ने में जुटी सेना उत्तरी हिस्से तक पहुंच चुकी है। अमेरिका नीत गठबंधन के रॉकेट हमले से उत्साहित सेना किसी भी समय शहर में कदम रख सकती है।
इराक के आतंकवाद विरोधी प्रवक्ता ने बताया कि सेना दजला नदी के पास तक पहुंच चुकी है। यह नदी मोसुल के बीच से गुजरती है। शनिवार को दजला नदी से सेना कुछ सौ मीटर दूर तक पहुंच गई। रात में हुए हमलों से सेना को यह सफलता मिली है। नदी के पूर्वी हिस्से से आतंकी पीछे हटने पर मजबूर हुए हैं।
आतंकवाद विरोधी सेवा के जवान दजला नदी से मोसुल में दाखिल हो सकते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि यह बल रणनीतिक महत्व के एक पुल के पास तक पहुंच चुका है। इराक में आइएस के सबसे बड़े गढ़ मोसुल से आतंकियों को खदेड़ने के लिए तीन माह पहले शुरू हुई लड़ाई को अमेरिका का समर्थन हासिल है।
बगदाद पहुंचे तुर्की के प्रधानमंत्री
तुर्की के प्रधानमंत्री बिनाली यिल्दीरिम शनिवार को दो दिनों की इराक यात्रा पर बगदाद पहुंचे। उत्तरी इराक में अनधिकृत रूप से तुर्की सेना की मौजूदगी को लेकर दोनों देशों के बीच टकराव पैदा होने के बाद तुर्की के प्रधानमंत्री की यह पहली इराक यात्रा है। तुर्की की अनधिकृत सेना की मौजूदगी को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया है।
