यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पांचवीं पीढ़ी के युद्धक विमान बनाने को भारत-रूस वार्ता दूसरे चरण में
भारत और रूस के बीच पहले चरण का समझौता हो चुका है। अब दूसरे चरण पर चर्चा हो रही है।

झुकोवस्की (रूस), प्रेट्र। भारत और रूस पांचवीं पीढ़ी के युद्धक विमान मिलकर बनाने के लिए समझौते के दूसरे चरण में पहुंच गये हैं। दोनों देश निकट भविष्य में इससे जुड़े करार पर दस्तखत करेंगे।
रूस की सरकारी कंपनी रोसटेक कारपोरेशन के सीईओ सर्गेई चेमेजोव ने बुधवार को 13वें अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस शो मैक्स के एक कार्यक्रम में बताया कि इस परियोजना पर प्रगति धीरे हो रही है क्योंकि यह बहुत ही जटिल मामला है। पांचवीं पीढ़ी के विमान के लिए बातचीत जारी है। पहले चरण का समझौता हो चुका है। अब दूसरे चरण पर चर्चा हो रही है।
उन्होंने बताया कि भारत और रूस की सरकारों ने 2007 में भी युद्धक विमान बनाने पर समझौता किया था। लेकिन अब पांचवीं पीढ़ी के युद्धक विमानों के लिए कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए रूस अकेला ऐसा देश है जो बिना किसी रोक-टोक के अपनी सभी तकनीकें भारत को देता है।
