यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
APEC सम्मेलन में ओबामा के खिलाफ जमकर लगे नारे
अमेरिका में एपेक सम्मेलन के दौरान वहां के राष्ट्रपति बराक ओबामा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।

लीमा (आइएएनएस)। पेरु की राजधानी लीमा में ‘गुणवत्ता विकास व मानव विकास’ बैनर के तहत एपेक सम्मेलन आयोजित किया गया है और शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के यहां आने से पहले ही सैंकड़ों प्रदर्शनकारियों ने उनके विरोध में जमकर नारेबाजी की। गत 8 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप के जीतने के बाद से वहां ट्रंप विरोधी प्रदर्शन हो रहे थे यह पहली बार है जब ओबामा के खिलाफ नाराजगी जतायी गयी है।
लीमा में 24वें एशिया प्रशांत आर्थिक शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को शामिल होना था। इस दौरान 300 से अधिक प्रदर्शनकारियों ने ओबामा के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिन्हुआ एजेंसी के अनुसार लीमा कंवेंशन सेंटर के पास जेवियर प्राडो एवेन्यू में प्रदर्शनकारी जमा हो गए। विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि ओबामा प्रशासन व इसके द्वारा प्रस्तावित ‘ट्रांस पैसिफिक पार्टनरशिप’ (TPP), से व्यक्तिगत आजादी छिन जाएगी।
यह मुक्त व्यापार समझौता है जिससे कार्पोरेट लाभ कमाएंगे और यह पेरु व लैटिन अमेरिका के हित में नहीं है। एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि वह यहां इसलिए है क्योंकि इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए यहां ओबामा आने वाले हैं, और उन्होंने हमेशा हमें धोखा दिया है। हम नहीं चाहते हैं कि ओबामा यहां आएं और यह समझौता हो। हम हमारे पर्यावरण के लिए सम्मान चाहते हैं। एपेक के 21 सदस्य देशों के नेता यहां आ चुके हैं और शुक्रवार देर शाम तक उम्मीद है कि ओबामा भी यहां आएंगे।
