यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ओबामा से अवैध प्रवासियों को प्रत्यर्पण से बचाने की गुहार
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 30 लाख अवैध प्रवासियों को अमेरिका से वापस भेजने की घोषणा की है।

वाशिंगटन, आइएएनएस। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद से अवैध प्रवासियों को लेकर संशय की स्थिति है। इसे देखते हुए अमेरिकी सांसदों ने राष्ट्रपति बराक ओबामा को पत्र लिखकर 7.5 लाख अवैध युवा प्रवासियों को माफी देने की गुहार लगाई है। इसमें भारतीयों के भी होने की आशंका है।
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 30 लाख अवैध प्रवासियों को अमेरिका से वापस भेजने की घोषणा की है। दरअसल, तकरीबन साढ़े सात लाख युवाओं को उनके मां-बाप उस वक्त अमेरिका लेकर आए थे जब वे नाबालिग थे। इन्हें 'ड्रीमर्स' कहा जाता है।
सांसद लुइस गुइत्रेज, लुसिल रॉयबल एलार्ड और जा लॉफग्रेन ने इन्हें माफी देने को लेकर ओबामा को शुक्रवार को पत्र लिखा है। उन्होंने राष्ट्रपति से विशेष कार्यकारी अधिकार का इस्तेमाल कर ट्रंप के सत्ता में आने से पहले इन लोगों को माफी देने का आग्रह किया है। सांसदों का कहना है कि अवैध युवा प्रवासियों के बीच अनिश्चितता, अवसाद और चिंता का माहौल है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि इन अवैध प्रवासी युवाओं को स्थायी राहत कांग्रेस (संसद) से ही मिल सकती है।
