यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिलेरी क्लिंटन ने की 2016 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की घोषणा
अमेरिका की पूर्व विदेशी मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने अगले राष्ट्रपति चुनाव में उतरने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने ...और पढ़ें

वाशिंगटन। अमेरिका की पूर्व विदेशी मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने अगले राष्ट्रपति चुनाव में उतरने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने अमेरिका में सत्तारूढ़ डेमोक्रेट पार्टी की ओर से दावेदारी पेश की है। अमेरिका में अगले साल 2016 में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। चुनाव जीतने पर वह अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी। इसी के साथ हिलेरी ने रविवार को अपनी कैंपेन वेबसाइट भी लांच कर दी। हिलेरी क्लिंटन वर्ष 2008 में ओबामा से पिछड़ गई थीं।
इससे पहले, राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी पूर्व सहयोगी और विदेश मंत्री रह चुकीं हिलेरी क्लिंटन की जमकर तारीफ की। ओबामा ने कहा है कि हिलेरी चुनाव जीतती है तो वह बेहतरीन राष्ट्रपति साबित होंगी। व्हाइट हाउस पहुंचने के लिए यह उनका दूसरा प्रयास है। पनामा सिटी में उत्तर और दक्षिण अमेरिकी महादेशों के शिखर सम्मेलन के दौरान ओबामा ने शनिवार को कहा, 'वर्ष 2008 में इस पद के लिए वह एक शक्तिशाली प्रत्याशी थीं।
आम चुनाव में वह मेरी सबसे बड़ी समर्थक एवं बाद में बेहतरीन विदेश मंत्री रहीं। वह मेरी दोस्त हैं और मैं समझता हूं कि हिलेरी एक बेहतरीन राष्ट्रपति भी साबित होंगी। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी पेश करते वक्त देश को आगे ले जाने को लेकर वह अपने विचार स्पष्ट तरीके से सबके सामने रखेंगी।' रिपब्लिकन की ओर से सिनेटर रैंड पॉल और टेड क्रूज पहले ही अपनी उम्मीदवारी पेश कर चुके हैं। जेब बुश के भी मैदान में कूदने की संभावना है।
