यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
साइबर अपराधियों ने बैंकों से चुराए 62 अरब
दुनियाभर के 30 देशों में सौ से अधिक बैंक और वित्तीय संस्थान अभूतपूर्व साइबर डकैती के शिकार हुए हैं। इसमें ...और पढ़ें

लंदन। दुनियाभर के 30 देशों में सौ से अधिक बैंक और वित्तीय संस्थान अभूतपूर्व साइबर डकैती के शिकार हुए हैं। इसमें करीब सौ करोड़ डॉलर यानि 62 अरब रुपए की चपत लगने का अनुमान है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी कंप्यूटर सुरक्षा कंपनी कास्परस्की लैब का अनुमान है कि साइबर हमले में सौ करोड़ डॉलर (करीब 6220 करोड़ रुपये) चुराए गए हैं। यह हमला 2013 में शुरू हुआ। अभी जारी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि रूस, यूक्रेन और चीन के सदस्यों वाला एक साइबर क्रिमिनल गैंग इसके लिए जिम्मेदार है। कास्परस्की ने कहा कि उसने जांच में इंटरपोल और यूरोपोल के साथ काम किया है।
इस हमले को रूस, अमेरिका, जर्मनी, चीन, यूक्रेन और कनाडा समेत 30 देशों में अंजाम दिया गया है। इंटरपोल के डिजिटल क्राइम सेंटर के निदेशक संजय विरमानी ने बताया, 'इन हमलों ने फिर उस सच्चाई को रेखांकित किया है कि अपराधी किसी भी अतिसंवेदनशील सिस्टम को भेद सकते हैं।' कास्परस्की ने कहा, 'साइबर डकैती में गैंग की ओर से नए तरीके अपनाए जाने के संकेत मिले हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं को निशाना बनाने के बजाय सीधे बैंक से रुपये चुराए। उन्होंने ऐसे नुकसान पहुंचाने वाले साफ्टवेयर का इस्तेमाल किया, जिसमें हैकर्स को दीर्घावधि के लिए बैंकिंग प्रणाली तक पहुंच मिली।' रूसी कंपनी ने कहा कि कुछ मामलों में उन्होंने बैंक अकाउंट्स से अपने खाते में रुपये ट्रांसफर करने में सफलता पाई।