यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चीनी राष्ट्रपति ने ट्रंप से फोन पर की बात, कहा- सहयोग एकमात्र रास्ता
चिनफिंग ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूती देने के लिए आपसी सहयोग को एकमात्र रास्ता बताया।

बीजिंग, प्रेट्र। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सोमवार को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की। चिनफिंग ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूती देने के लिए आपसी सहयोग को एकमात्र रास्ता बताया। सरकारी सीसीटीवी ने के अनुसार पिछले सप्ताह जीत हासिल करने वाले ट्रंप को बधाई देने के लिए चीनी राष्ट्रपति ने फोन किया था।
चिनफिंग ने बधाई देते हुए कहा कि चीन और अमेरिका के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 37 सालों में द्विपक्षीय संबंधों में लगातार मजबूती आई है। आर्थिक विकास और अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए इसे और सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
इससे दोनों देशों की जनता को लाभ होगा। दोनों नेताओं के बीच करीबी कूटनीतिक रिश्ते रखने और संबंधों को मजबूती देने पर सहमति बनी। वहीं, समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के हवाले से ट्रंप की जीत को अमेरिका के साथ संबंधों के लिहाज से एक नई शुरुआत बताया है।
