यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चीन में रेलवे स्टेशन पर भीषण धमाका, तीन मरे
चीन के अशांत शिनजियांग प्रांत में बुधवार शाम रेलवे स्टेशन पर जबर्दस्त धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई और 7

बीजिंग। चीन के अशांत शिनजियांग प्रांत में बुधवार शाम रेलवे स्टेशन पर जबर्दस्त धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई और 79 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें कई की हालत गंभीर है। यह धमाका ऐसे समय में हुआ है जब राष्ट्रपति शी चिनफिंग एक दिन पहले ही शिनजियांग का दौरा कर राजधानी बीजिंग लौटे हैं।
पुलिस के मुताबिक मुस्लिम बहुल प्रांत की राजधानी उरुमाकी में धमाका रेलवे स्टेशन के निकास द्वार पर शाम के वक्त हुआ। धमाके के बाद इलाके को खाली करा लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में है। एंबुलेंस और पुलिस की अतिरिक्त टीमों को वहां तैनात किया गया है। सरकार ने अब तक धमाके की वजह का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, इस वारदात के पीछे अलगावादियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। एक दिन पहले ही राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने राज्य का दौरा कर सभी समुदायों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की थी। मध्य एशिया से लगता यह प्रांत सामरिक और प्राकृतिक संसाधन के रूप से काफी महत्वपूर्ण है। मुस्लिम बहुल यह प्रांत वर्षो से अलगाववाद और आतंकवाद से जूझ रहा है। पिछले साल यहां हिंसा में सौ से ज्यादा लोग मारे गए थे।